RAM MANDIR NEWS: राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, उन्हें आज अयोध्या और रामलला के मुद्दे पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
राम मंदिर विरोध का लगाया आरोप
बृजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर निर्माण का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा देकर भगवान राम के जन्मस्थान पर भी सवाल उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलाने वाले लोग आज राजनीतिक स्वार्थ के लिए राम का नाम ले रहे हैं।
RAM MANDIR NEWS: ‘सनातन संस्कृति को बदनाम करने की साजिश’
डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष लगातार सनातन संस्कृति को बदनाम करने की कोशिश करता रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेता ऐसे वीडियो प्रसारित कर रहे हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि रामलला अयोध्या छोड़ चुके हैं। उन्होंने इसे सनातन आस्था का अपमान बताया।
वक्फ और बाबरी चंदे पर भी उठाए सवाल
बृजेश पाठक ने विपक्ष से सवाल किया कि बाबरी मस्जिद के नाम पर जुटाए गए चंदे का हिसाब क्यों नहीं दिया जाता। उन्होंने वक्फ संपत्तियों और मदरसों की फंडिंग को लेकर भी विपक्ष से जवाब मांगा और कहा कि इन मुद्दों पर समाजवादी पार्टी हमेशा चुप रहती है।
RAM MANDIR NEWS: ‘मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति का मिलेगा जवाब’
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन हमेशा मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करता रहा है। उन्होंने कहा कि जनता इस राजनीति को समझ चुकी है और समय आने पर इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।
कपिल देव अग्रवाल ने भी साधा निशाना
प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, वही आज चढ़ावा चोरी के मामले को राजनीतिक हथियार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से होनी चाहिए, लेकिन इसे राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता ऐसे प्रचार से प्रभावित नहीं होगी।
ये भी पढ़े… ट्रंप और नेतन्याहू से बदला लेना चाहती है ईरान की जनता, खामनेई की अंतिम यात्रा में लगे मुर्दाबाद के नारे








