America Iran Conflict: पश्चिम एशिया में शांति वार्ता के बीच समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार सुबह ओमान के पास लिमाह क्षेत्र के समुद्री मार्ग में एक बड़े तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला किया गया, जिसके बाद जहाज में भीषण आग लग गई। घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच क्षेत्रीय तनाव कम करने और शांति स्थापित करने को लेकर बातचीत जारी है। इस हमले ने अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
ओमान के पास टैंकर पर हुआ मिसाइल हमला
जानकारी के अनुसार, भारतीय समयानुसार मंगलवार सुबह दक्षिण दिशा की ओर जा रहे एक बड़े तेल टैंकर को ओमान के पास लिमाह क्षेत्र में किसी प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। मिसाइल के टकराते ही जहाज में भीषण आग लग गई और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के बाद समुद्री मार्ग पर मौजूद अन्य जहाजों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई।
America Iran Conflict: UKMTO ने दी घटना की पुष्टि
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि टैंकर के पोर्ट साइड पर प्रोजेक्टाइल के टकराने से आग लगी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी चालक दल के सदस्य के हताहत होने या पर्यावरण को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल जहाज की स्थिति और हमले की विस्तृत जांच जारी है।
हमले के पीछे कौन, अभी नहीं हुआ खुलासा
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मिसाइल हमला किसने किया। न तो अमेरिका और न ही ईरान की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। जांच एजेंसियां हमले के स्रोत और जिम्मेदार पक्ष का पता लगाने में जुटी हैं। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
America Iran Conflict: ईरान पर उठ रहे सवाल, हालिया चेतावनी बनी वजह
हमले के बाद शक की सुई ईरान की ओर घूम रही है। इसकी प्रमुख वजह ईरान द्वारा हाल ही में होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन को लेकर दी गई चेतावनी है। तेहरान ने कहा था कि उसके निर्धारित समुद्री प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने या तय मार्ग से भटकने वाले जहाजों के खिलाफ सशस्त्र बल तत्काल कार्रवाई करेंगे। साथ ही, ईरान ने यह भी चेतावनी दी थी कि यदि इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना ने हस्तक्षेप किया, तो उसका त्वरित और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। ऐसे में ताजा मिसाइल हमला पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति और वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए नई चुनौती बनकर सामने आया है।
Written by- Rashmi Sharma
यह भी पढ़े…दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देश में बसा है 250 मंदिरों का शहर, अब भारत करेगा मदद








