PM Modi Indonesia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 8 जुलाई को अपनी तीन दिवसीय इंडोनेशिया यात्रा पूरी कर ली। जकार्ता से ऑस्ट्रेलिया रवाना होते समय इंडोनेशियाई वायु सेना के पांच फाइटर जेट्स ने उनके विमान को इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र से बाहर तक एस्कॉर्ट किया। यह सम्मान भारत और इंडोनेशिया के मजबूत होते रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।
PM Modi Indonesia Visit: फाइटर जेट्स को विमान से किया अभिवादन-
समाचार एजेंसी पीटीआई द्वारा जारी वीडियो के अनुसार, जब इंडोनेशियाई फाइटर जेट्स प्रधानमंत्री मोदी के विमान के साथ उड़ान भर रहे थे, तब पीएम मोदी ने विमान के अंदर से ही उनका अभिवादन किया। इससे पहले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो खुद हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री को विदा करने पहुंचे।
PM Modi Indonesia Visit: आगमन पर भी मिला था विशेष सम्मान-
प्रधानमंत्री मोदी के इंडोनेशिया पहुंचने पर भी उन्हें विशेष सम्मान दिया गया था। इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही वायु सेना के फाइटर जेट्स ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया था। जकार्ता में राष्ट्रपति प्राबोवो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
रक्षा, AI और समुद्री सहयोग पर बढ़ी साझेदारी-
यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस दौरे से रक्षा, समुद्री सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल इनोवेशन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर खुले हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हुई चर्चाओं के परिणामों से वह बेहद संतुष्ट हैं।
राष्ट्रपति प्राबोवो का जताया आभार-
प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया के लोगों और राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो का गर्मजोशी भरे स्वागत और भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त किया।
व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मिला नया बल-
मंगलवार को हुई द्विपक्षीय वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्राबोवो ने भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, रक्षा, आर्थिक, तकनीकी और क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यह भी पढ़ें- ‘ठाकुर’ कहकर बुलाता था… रंजीत ने साझा किया प्रेम चोपड़ा से जुड़ा दिलचस्प किस्सा, पढ़कर चौंक जाएगा…








