Home » स्पोर्ट्स » भारत के सामने सीरीज बचाने की जंग: इंग्लैंड से चौथा टी-20 आज, वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद

भारत के सामने सीरीज बचाने की जंग: इंग्लैंड से चौथा टी-20 आज, वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद

भारत-इंग्लैंड चौथा टी-20, जीत जरूरी

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे शुरू होगा। फिलहाल इंग्लैंड सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाए हुए है। पहला मुकाबला बारिश की वजह से पूरा नहीं हो सका था, जबकि दूसरे और तीसरे टी-20 में मेजबान टीम ने जीत हासिल की।भारत के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। अगर टीम यह मैच हार जाती है, तो सीरीज भी उसके हाथ से निकल जाएगी। साथ ही 2018-19 के बाद पहली बार ऐसा होगा, जब भारतीय टीम लगातार दो टी-20 इंटरनेशनल सीरीज गंवा देगी।

वैभव से बड़ी पारी की उम्मीद

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी से इस मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। उन्होंने अपने पहले दो टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 14 और 13 रन बनाए हैं। यानी अब तक दो मैचों में उनके बल्ले से कुल 27 रन ही निकले हैं।टी-20 टीम की कमान संभालने के बाद श्रेयस अय्यर अभी तक एक भी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं जीत पाए हैं। तीसरे टी-20 में भारत को 125 रन से मिली बड़ी हार के बाद उन्होंने टीम के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया था।

अगर आईपीएल और इंटरनेशनल रिकॉर्ड को मिलाकर देखें, तो श्रेयस अपनी पिछली 11 टी-20 कप्तानियों में 10 मुकाबले हार चुके हैं। हालांकि, मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टीम का बचाव करते हुए कहा कि एक हार से किसी टीम का आकलन नहीं किया जा सकता। उन्होंने साफ किया कि भारत अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति में कोई बदलाव नहीं करेगा।

IND vs ENG: भारत-इंग्लैंड चौथा टी-20, जीत जरूरी
भारत-इंग्लैंड चौथा टी-20, जीत जरूरी

IND vs ENG: इंग्लैंड के पास इतिहास रचने का मौका

हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड शानदार लय में नजर आ रहा है। टीम ने अपने पिछले 21 पूरे हुए टी-20 मुकाबलों में 18 जीत दर्ज की हैं।अगर इंग्लैंड चौथा मुकाबला जीतता है, तो वह भारत के खिलाफ पहली बार दो या उससे ज्यादा मैचों की टी-20 सीरीज अपने नाम करेगा।

भारत को इस मैच में शिवम दुबे से तेज और बड़ी पारी की उम्मीद होगी। पहले टी-20 में उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में नाबाद 42 रन बनाए थे, लेकिन अगले दोनों मुकाबलों में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके।मौजूदा सीरीज में अभिषेक शर्मा 3 मैचों में 112 रन बनाकर भारत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 110 रन बनाए हैं।गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने अब तक सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए हैं।

बेथेल और आर्चर बने इंग्लैंड की ताकत

इंग्लैंड की बल्लेबाजी में जैकब बेथेल और फिल सॉल्ट शानदार फॉर्म में हैं। बेथेल ने तीन मैचों में 89 रन बनाए हैं, जबकि फिल सॉल्ट ने तीसरे टी-20 में 70 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी।गेंदबाजी में सैम करन, जोश टंग और जोफ्रा आर्चर ने चार-चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाया है।

IND vs ENG: आंकड़ों में मुकाबला

  • भारत लगातार दूसरी टी-20 इंटरनेशनल सीरीज हारने के खतरे में है। 2018-19 के बाद ऐसा पहली बार हो सकता है।
  • इंग्लैंड ने अपने पिछले 21 पूरे हुए टी-20 मुकाबलों में 18 मैच जीते हैं।
  • वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पहली दो टी-20 इंटरनेशनल पारियों में 7 स्कोरिंग शॉट लगाए हैं, जिनमें 4 छक्के शामिल हैं।
  • भारत ने ब्रिस्टल में खेले अपने पिछले चार पूरे हुए टी-20 मुकाबलों में एक भी मैच नहीं हारा है।

पिच और मौसम का हाल

ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड टी-20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के लिए अच्छी पिच माना जाता है। यहां सीधी बाउंड्री छोटी हैं, जिससे बड़े शॉट लगाना आसान रहता है। हालांकि, इस सीजन खेले गए घरेलू टी-20 ब्लास्ट मुकाबलों में पहली पारी का औसत स्कोर लगभग 156 रन रहा है।मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ और गर्म रहने की संभावना है।

तीसरे टी-20 में मिली बड़ी हार के बाद भारतीय टीम अपनी प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकती है। टीम के पास संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे विकल्प मौजूद हैं।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे/सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल/वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।

ये भी पढ़ें…राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम का सुप्रीम कोर्ट में दावा- मैं निर्दोष हूं, मुझे गलत तरीके से फंसाया गया