PM Modi In New Zealand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यूजीलैंड दौरे का शनिवार को दूसरा दिन रहा। इस दौरान ऑकलैंड में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इस मौके पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मुलाकात की और प्रतिनिधिमंडल स्तर पर द्विपक्षीय वार्ता भी की।
FTA को बताया ऐतिहासिक समझौता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा और नई ऊर्जा देगा। साथ ही उन्होंने कम समय में इस समझौते को पूरा करने के लिए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, उनकी सरकार और पूरी टीम का धन्यवाद किया।

PM Modi In New Zealand: रिश्तों को मिली नई रफ्तार
प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इस यात्रा से भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपनी साझेदारी को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि लगभग 40 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के दौरे पर आया है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के आर्थिक केंद्र ऑकलैंड में कार्यक्रम आयोजित करने से दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती मिली है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री लक्सन का आभार व्यक्त किया।
कम समय में FTA पूरा होना बड़ी उपलब्धि
पीएम मोदी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भारत आए थे, तभी FTA की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि पूरे न्यूजीलैंड ने जिस तेजी और एकजुटता के साथ इस समझौते को सफल बनाया, वह बेहद सराहनीय है। उनके मुताबिक, इतनी कम अवधि में इस तरह का समझौता पूरा होना दुनिया में एक अनोखा उदाहरण हो सकता है।करीब चार दशक बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड के दौरे पर पहुंचा है। पीएम मोदी की इस यात्रा को दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों में एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड ने इसी साल अप्रैल में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए थे।

व्यापार को मिलेगा बड़ा फायदा
इस समझौते के लागू होने के बाद न्यूजीलैंड से भारत आने वाले लगभग 95 प्रतिशत उत्पादों पर टैरिफ कम हो जाएगा या पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। वहीं, पहले ही दिन से न्यूजीलैंड के 57 प्रतिशत निर्यात पर पूरी तरह शुल्क नहीं लगेगा। दूसरी ओर, भारत से न्यूजीलैंड जाने वाले 100 प्रतिशत उत्पादों पर टैरिफ समाप्त कर दिया जाएगा।भारतीय किसानों के हितों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डेयरी उत्पाद, चीनी, सेब और कुछ अन्य कृषि उत्पादों को इस टैरिफ छूट से बाहर रखा गया है।
लक्सन ने भारत की अर्थव्यवस्था की सराहना की
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है, जिससे दोनों देशों के लोगों को समृद्धि और सुरक्षा का लाभ मिलेगा।








