Breaking News
Home » राष्ट्रीय » ’25 साल पहले मिला मफलर आज भी संभालकर रखा’, न्यूजीलैंड में प्रवासी भारतीयों से बोले पीएम मोदी

’25 साल पहले मिला मफलर आज भी संभालकर रखा’, न्यूजीलैंड में प्रवासी भारतीयों से बोले पीएम मोदी

PM Modi

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के एक भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संदेश दिया। करीब 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री के न्यूजीलैंड दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को यहां की संस्कृति के पवित्र शब्द ‘वाका’ (साझा यात्रा) से जोड़ा। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने पुराने न्यूजीलैंड दौरे की यादें साझा करते हुए बताया कि 25-30 साल पहले उपहार में मिला एक मफलर आज भी उनके पास सुरक्षित है। वहीं, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने भी पीएम मोदी को दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण नेताओं में से एक और न्यूजीलैंड का सच्चा मित्र बताया।

25 साल पुराना मफलर आज भी है मेरे पास

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला न्यूजीलैंड दौरा है, लेकिन 25-30 वर्ष पहले भी उन्हें यहां आने का अवसर मिला था। उस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें मफलर, कैप और दस्ताने उपहार में दिए थे। पीएम ने कहा कि वह मफलर आज भी उनके पास सुरक्षित है और उन्होंने वर्षों तक उसका उपयोग किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह वह उस उपहार को संभालकर रखते हैं, उसी तरह न्यूजीलैंड के लोगों का स्नेह भी अपने दिल में संजोकर रखते हैं।

PM Modi: भारत-न्यूजीलैंड रिश्ते यादों और विश्वास पर आधारित

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध केवल कूटनीति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यादों, दोस्ती, साझा मूल्यों और मजबूत प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड की संस्कृति में प्रचलित ‘वाका’ शब्द का उल्लेख करते हुए कहा कि यह साझा यात्रा और साझेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के सामने अवसरों का विशाल समुद्र है और मिलकर नई सफलताओं की ओर बढ़ा जा सकता है।

भारतीय शहरों के नाम और भारतीय समुदाय की सराहना

प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड में कई स्थानों और सड़कों के नाम भारतीय शहरों पर रखे गए हैं, जो दोनों देशों के गहरे संबंधों का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के नेता जब भी उनसे मिलते हैं, भारतीय समुदाय की मेहनत, ईमानदारी और योगदान की सराहना करते हैं। इससे प्रत्येक भारतीय का सम्मान बढ़ता है और उन्हें गर्व की अनुभूति होती है।

PM Modi: कृषि, महिला सशक्तिकरण और स्पेस सेक्टर में सहयोग पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने न्यूजीलैंड से कई महत्वपूर्ण बातें सीखी हैं और आगे भी सीखने की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने महिलाओं को मतदान का अधिकार देने में न्यूजीलैंड की ऐतिहासिक भूमिका, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की सफलता और छोटे बाजारों को वैश्विक ब्रांड बनाने की क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत रग्बी जैसे खेलों में न्यूजीलैंड से सहयोग चाहता है और स्पेस सेक्टर में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी की अपार संभावनाएं हैं। पीएम ने विश्वास जताया कि भारत और न्यूजीलैंड का भविष्य मजबूत सहयोग और साझा विकास पर आधारित होगा।

ये भी पढ़ें…Bank Holidays: अगले हफ्ते 4 दिन बैंक बंद, जानें कब और कहां रहेगी छुट्टी