JAMMU KASHMIR NEWS: शिवसेना (यूबीटी) की नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के ‘ऑपरेशन लोटस’ संबंधी आरोपों का समर्थन करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उन्हें इन आरोपों पर कोई हैरानी नहीं है और सरकारें गिराने की राजनीति बीजेपी की पुरानी कार्यशैली रही है।
‘सत्ता की भूख में लोकतंत्र पर हमला’
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि बीजेपी को लगता है कि वह धनबल के जरिए किसी को भी खरीद सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भी इसी तरह सरकारों को अस्थिर करने की कोशिशें की गईं। उनके मुताबिक यह केवल राजनीतिक दलों पर नहीं, बल्कि संविधान और मतदाताओं के जनादेश पर भी हमला है।
JAMMU KASHMIR NEWS: ‘सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग’
उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए सरकारी संस्थाओं के दुरुपयोग की कोशिशें की जाती हैं। हालांकि बीजेपी इन आरोपों से इनकार करती है, लेकिन देश के लोग इस राजनीतिक शैली को पहचान चुके हैं।
उमर अब्दुल्ला ने लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी उनकी सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को पार्टी छोड़ने के बदले 20 से 30 करोड़ रुपये, मंत्री पद और राज्य का दर्जा दिलाने का आश्वासन दिया गया।
JAMMU KASHMIR NEWS: विधायक को ऑफर मिलने का दावा
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू क्षेत्र के एक विधायक ने उन्हें बताया कि भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी और एक वरिष्ठ वकील ने उनसे संपर्क कर समर्थन मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों को धन और पद का लालच देकर नेशनल कॉन्फ्रेंस में फूट डालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों पर अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ये भी पढ़े… ‘ट्रस्ट ही अंतिम है…’ राम मंदिर पर नृपेंद्र मिश्रा का बड़ा बयान, फैसले को लेकर साफ किया रुख








