Chhatron Ki Goonj: कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को भोपाल के सिंधु भवन में ‘आदिवासी Gen Z फेस्ट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे आदिवासी सांस्कृतिक दलों ने लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक कला की प्रस्तुतियां देकर अपनी समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र की प्रसिद्ध आदिवासी रैपर माही जी की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जानिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने क्या कहा
Chhatron Ki Goonj: युवाओं की आवाज को मंच देने का अभियान: मीनाक्षी नटराजन
कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य एवं तेलंगाना कांग्रेस प्रभारी मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं का मंच है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति और नेतृत्व क्षमता को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
Chhatron Ki Goonj: शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष: जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश का युवा आज शिक्षा, रोजगार और अवसरों की चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने तथा उनकी आवाज को मजबूती देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष कर रही है।
आदिवासी युवाओं को समान अवसर मिलने चाहिए: उमंग सिंघार
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, संघर्ष और विरासत देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इससे वे अपने सपनों को साकार कर समाज के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
देश के भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे आदिवासी युवा
अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि आदिवासी युवाओं की पहचान केवल उनकी परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि वे देश के भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ जैसे अभियान युवाओं को अपनी बात रखने और सामाजिक बदलाव का माध्यम बनने का अवसर प्रदान कर रहे हैं।

हर जिले तक पहुंचेगा अभियान
अभियान के समन्वयक एवं AICC कॉर्डिनेटर डॉ. अंशुल त्रिवेदी ने कहा कि आदिवासी युवा आज के भारत के Gen Z नेतृत्व का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। वहीं NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आने वाले दिनों में यह अभियान प्रदेश के हर जिले और हर छात्र तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, विधायक आरिफ मसूद, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, NSUI और आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।
यह भी पढे़ : हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का बड़ा दावा, कहा- सभी जहाजों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी








