Gold Silver Price: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर सोमवार को सर्राफा बाजार में भी देखने को मिला। निवेशकों की बिकवाली के कारण सोने और चांदी की कीमतों में करीब 2 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
एमसीएक्स पर सोने के दाम गिरे
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोने का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 1,43,478 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 845 रुपए यानी 0.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,42,633 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला।सुबह 9:48 बजे तक सोना 1,414 रुपए यानी 0.99 प्रतिशत टूटकर 1,42,064 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।आज के कारोबार के दौरान सोने ने 1,41,557 रुपए प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम और 1,43,478 रुपए प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ।

चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी में भी कमजोरी देखने को मिली। एमसीएक्स पर 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाली चांदी का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 2,22,664 रुपए प्रति किलो से 4,016 रुपए यानी 1.80 प्रतिशत गिरकर 2,18,648 रुपए प्रति किलो पर खुला।खबर लिखे जाने तक चांदी 4,188 रुपए यानी 1.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,18,476 रुपए प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।आज के कारोबार में चांदी ने 2,17,277 रुपए प्रति किलो का न्यूनतम और 2,22,664 रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर दर्ज किया।
वैश्विक बाजार में भी कमजोरी
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। कॉमेक्स पर सोना 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,061 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी 58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58 डॉलर प्रति औंस पर थी।बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स मजबूत हुआ है। डॉलर इंडेक्स बढ़कर 100.90 पर पहुंच गया, जिससे सोने और चांदी में बिकवाली बढ़ी।डॉलर इंडेक्स अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं यूरो, जापानी येन, पाउंड स्टर्लिंग, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले मापता है।

मध्य पूर्व में तनाव बरकरार
कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान पर ताजा सैन्य कार्रवाई की है। इसके बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ गया है।वहीं, इन हमलों के बाद ईरान भी आक्रामक रुख अपनाए हुए है और कुवैत, बहरीन तथा जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है।








