Petrol Pump Inspection: सोशल मीडिया पर ईंधन की गुणवत्ता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने के लिए देशभर में बड़े स्तर पर गुणवत्ता जांच अभियान शुरू किया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने साफ किया है कि ईंधन की शुद्धता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
Petrol Pump Inspection: एक सप्ताह में 10 हजार से अधिक औचक निरीक्षण-
इंडियन ऑयल ने पिछले एक सप्ताह में अपने रिटेल आउटलेट्स पर 10 हजार से अधिक औचक निरीक्षण किए। इस दौरान 8,500 से ज्यादा ईंधन नमूनों की वैज्ञानिक जांच भी की गई। कंपनी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित डीलर के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Petrol Pump Inspection: BPCL और HPCL ने भी तेज की निगरानी-
भारत पेट्रोलियम (BPCL) ने 3 से 13 जुलाई के बीच 932 औचक निरीक्षण किए। मोबाइल प्रयोगशालाओं की मदद से मौके पर ही ईंधन की गुणवत्ता की जांच की गई। वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने एथेनॉल मिश्रण मानकों की जांच के लिए 2,173 औचक और 1,385 नियमित निरीक्षण किए।
जांच में नहीं मिला मिलावट का कोई मामला-
सरकारी तेल कंपनियों के मुताबिक, व्यापक जांच के दौरान मिलावट या गुणवत्ता से छेड़छाड़ का एक भी मामला सामने नहीं आया। कंपनियों ने कहा कि सभी जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप रही हैं।
ग्राहकों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील-
IOC, BPCL और HPCL ने लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों से बचने की अपील की है। कंपनियों ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को ईंधन की गुणवत्ता को लेकर कोई संदेह हो तो वह सीधे आधिकारिक शिकायत दर्ज कराए। कंपनियों का कहना है कि ग्राहकों का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।








