Breaking News
Home » बिज़नेस » IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई को नहीं आएगी, अगस्त में मिलेंगे ये 4 बड़े फीचर

IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई को नहीं आएगी, अगस्त में मिलेंगे ये 4 बड़े फीचर

IRCTC की नई वेबसाइट अगस्त में, जानें फीचर्स

IRCTC Website: ट्रेन टिकट बुकिंग को आसान बनाने वाली IRCTC की नई वेबसाइट का इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट है। पहले खबर थी कि यह वेबसाइट 15 जुलाई से लाइव हो जाएगी। लेकिन रेलवे सूत्रों के अनुसार, आज इसकी लॉन्चिंग नहीं हो रही है।

लॉन्च क्यों टली?

वेबसाइट पूरी तरह तैयार है। देरी की वजह फीडबैक है। रेलवे अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स और आम लोगों से सुझाव ले रहा है, ताकि लॉन्च के बाद बुकिंग में कोई दिक्कत न आए। इसी कारण इसे अब अगस्त के पहले या दूसरे हफ्ते में जारी करने की योजना है। यानी यात्रियों को अभी 3 से 4 हफ्ते और इंतजार करना पड़ सकता है।

नई वेबसाइट का मकसद स्पीड और सादगी है। अगर आपकी प्रोफाइल में यात्रियों की जानकारी पहले से सेव है, तो टिकट सिर्फ 6 स्टेप में बुक हो जाएगी। बिना सेव डिटेल के लिए भी प्रोसेस को 8 स्टेप तक सीमित रखा गया है।

नई वेबसाइट के 4 खास फीचर

कैप्चा से छुटकारा: लॉगिन के समय अब टेढ़े-मेढ़े अक्षर नहीं भरने होंगे। एडवांस्ड सिक्योरिटी की वजह से नॉर्मल बुकिंग में कैप्चा हटा दिया गया है। यूजर आईडी और पासवर्ड से सीधे लॉगिन होगा।

धीमे नेट पर भी तेज: इंटरफेस को लाइटवेट और क्लीन बनाया गया है। कंपनी का दावा है कि कम इंटरनेट स्पीड में भी पेज हैंग या बफर नहीं करेगा।

तत्काल बुकिंग होगी आसान: सुबह 10 और 11 बजे तत्काल खुलने पर सर्वर स्लो होने की शिकायत अब कम होगी। नए मजबूत सर्वर की मदद से कन्फर्म टिकट मिनटों में बुक हो सकेगी।

स्मूथ पेमेंट: पेमेंट फेल होने की समस्या घटाने के लिए गेटवे अपग्रेड किया गया है। IRCTC-iPay और UPI के ऑप्शन सबसे आगे दिखेंगे, ताकि भुगतान तुरंत हो जाए।

रेलवे का कहना है कि यह बदलाव भीड़ वाले समय में टिकट न मिलने की दिक्कत को काफी हद तक कम करेगा। लॉन्च की नई तारीख की घोषणा अगस्त की शुरुआत में होने की संभावना है।

Written by- Mansi Sharma

यह भी पढ़े…ई-20 पेट्रोल पर उठ रहे सवालों का नितिन गडकरी ने दिया जवाब, बोले- गाड़ियां खराब होने का कोई सबूत नहीं