Gujarat Bomb Threat: गुजरात के कई शहरों में पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सूरत, नवसारी, भरूच और नर्मदा जिलों में मिले धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और खुफिया एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि, घंटों चली तलाशी के बाद किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
Gujarat Bomb Threat: सूरत और नवसारी में खाली कराए गए कार्यालय-
सूरत के उमरा (पिपलोद) स्थित पासपोर्ट कार्यालय और नानपुरा डाकघर को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद दोनों परिसरों को खाली करा लिया गया। पुलिस, डॉग स्क्वायड और BDDS की टीमों ने पूरे परिसर की गहन जांच की। वहीं, नवसारी के मुख्य डाकघर में भी ई-मेल के जरिए बम होने की सूचना मिली। कई घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद वहां भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
Gujarat Bomb Threat: भरूच और नर्मदा में भी बढ़ाई गई सुरक्षा-
गृह विभाग के निर्देश पर भरूच और नर्मदा जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। भरूच के मुख्य डाकघर समेत जिले के सभी प्रमुख डाकघरों में पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने व्यापक जांच अभियान चलाया। नर्मदा जिले के राजपीपला स्थित मुख्य डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र की भी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कुछ समय के लिए कामकाज रोका गया, जिसे स्थिति सामान्य होने के बाद दोबारा शुरू कर दिया गया।
साइबर सेल कर रही ई-मेल की जांच-
धमकी भरे ई-मेल की जांच अब साइबर क्राइम ब्रांच और अन्य तकनीकी एजेंसियां कर रही हैं। ई-मेल किस IP एड्रेस से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
अफवाहों से बचने की अपील-
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दें।
यह भी पढ़े- दिल्ली समेत तीन राज्यों में SIR की तारीख बढ़ी, जानें कब जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट








