Home » उत्तर प्रदेश » प्रॉपर्टी अपने नाम कराने की जिद में बेटे ने पिता को मारीं 6 गोलियां: मां बोली- तूने घर उजाड़ दिया

प्रॉपर्टी अपने नाम कराने की जिद में बेटे ने पिता को मारीं 6 गोलियां: मां बोली- तूने घर उजाड़ दिया

प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने पिता को मारी 6 गोलियां

Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद में 150 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी बेटे ने पिस्टल से पिता के चेहरे, सीने और पेट में 6 गोलियां दाग दीं। बताया जा रहा है कि वह शराब पीकर घर लौटा था। पिता ने उसे डांटा, जिसके बाद गुस्से में उसने यह खौफनाक वारदात कर दी।

पत्नी ने देखा शव तो फूट-फूटकर रोई

पति को खून से लथपथ देखकर पत्नी अनीता चीख पड़ी। उन्होंने बेटे से कहा, “तूने पूरा घर उजाड़ दिया।” गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था।मृतक हरिओम चौधरी (52) का बेटा निखिल (32) लंबे समय से पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हरिओम इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि बेटा जमीन बेचकर शराब में पैसा बर्बाद कर देगा। बुधवार रात भी इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और निखिल ने पिता की हत्या कर दी।

Ghaziabad Murder Case: प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने पिता को मारी 6 गोलियां
प्रॉपर्टी विवाद में बेटे ने पिता को मारी 6 गोलियां
पहले भी छोटे भाई पर चला चुका है गोली

पुलिस के मुताबिक, करीब आठ साल पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चलाई थी। हालांकि उस समय उसकी जान बच गई थी। फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। यह घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र की है।हरिओम चौधरी बुदाना गांव के रहने वाले और एक संपन्न किसान थे। उनके नाम पर मोदीनगर में करीब 75 बीघा जमीन थी। इसके अलावा दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने उनकी एक मार्केट भी है। उनकी कुल संपत्ति की कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है।परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं। दोनों बेटों की अभी शादी नहीं हुई है।

25 बीघा जमीन पहले ही मिल चुकी थी

एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि निखिल शराब का आदी है और इसी वजह से उसका पिता से अक्सर विवाद होता था। हरिओम पहले ही उसे मार्केट में कुछ दुकानें और 25 बीघा जमीन दे चुके थे। इसके बावजूद वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था।

पहले झगड़ा और हाथापाई, फिर चलाईं 6 गोलियां

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हरिओम चौधरी ने पत्नी अनीता और छोटे बेटे नीशू के साथ खाना खाया था। उस समय निखिल घर पर नहीं था। देर रात वह शराब पीकर घर पहुंचा। पिता ने उसके शराब पीकर आने पर नाराजगी जताई और डांट दिया।इस बात पर निखिल ने अवैध पिस्टल निकाल ली और पिता के साथ गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। शोर सुनकर अनीता और नीशू मौके पर पहुंचे, लेकिन इसी दौरान निखिल ने पिता पर एक के बाद एक 6 गोलियां चला दीं।गोली लगते ही हरिओम जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोग तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों ने जमीन विवाद की जानकारी दी है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।

यह भी पढ़े…मेसी का जादू! 85वें मिनट के एक पास ने पलट दिया मैच, इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना फाइनल में