Home » राष्ट्रीय » अनुच्छेद 370 पर सैफुद्दीन सोज के बयान से सियासत गरमाई! BJP ने कांग्रेस से मांगा जवाब

अनुच्छेद 370 पर सैफुद्दीन सोज के बयान से सियासत गरमाई! BJP ने कांग्रेस से मांगा जवाब

JAMMU KASHMIR: जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कांग्रेस से इस मुद्दे पर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करने की मांग की है।

राहुल गांधी से मांगा जवाब

केसवन ने कहा कि संसद सत्र शुरू होने से पहले और राहुल गांधी की विदेश यात्रा से वापसी के बीच आया यह बयान कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूछा कि क्या सैफुद्दीन सोज की टिप्पणी कांग्रेस की आधिकारिक सोच है और राहुल गांधी को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

JAMMU KASHMIR: ‘नेहरू की ऐतिहासिक भूल थी अनुच्छेद 370’

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अनुच्छेद 370 देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की ऐतिहासिक भूल थी। उन्होंने दावा किया कि सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर भी इसके पक्ष में नहीं थे। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2019 में इसे हटाकर जम्मू-कश्मीर का पूर्ण एकीकरण सुनिश्चित किया।

‘जम्मू-कश्मीर विकास की मुख्यधारा में’

केसवन ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है और अब उसकी बहाली की मांग देशहित के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान समाज में विभाजन पैदा करने वाले हैं।

JAMMU KASHMIR: सलमान खुर्शीद का भी किया जिक्र

भाजपा ने कांग्रेस के भीतर मतभेदों का हवाला देते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद भी अनुच्छेद 370 हटाने का समर्थन कर चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि वह सैफुद्दीन सोज के बयान से सहमत है या नहीं।

क्या कहा था सैफुद्दीन सोज ने?

दरअसल, सैफुद्दीन सोज ने कहा था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल कराने के साथ-साथ अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग भी प्रमुखता से उठानी चाहिए। इसी बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज कर दिया।

ये भी पढ़े… अखिलेश की ‘पीडीए रथ यात्रा’ की तैयारी, अयोध्या-काशी-मथुरा में किसी एक से हो सकती है शुरुआत