Datia By-Election: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि विकसित दतिया, विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की ऐतिहासिक जीत जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विचारधारा और संगठन की ताकत हैं तथा कुशाभाऊ ठाकरे के सपनों को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है।
शुक्रवार को दतिया स्थित होटल रतन रॉयल में भाजपा के उपचुनाव कार्यालय का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, सांसद भारत सिंह कुशवाह और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
‘कांग्रेस विकास के नाम पर वोट नहीं मांग सकती’
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जबकि कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक दतिया का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद कांग्रेस क्षेत्र के विकास के लिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि यदि विकास हुआ होता तो कांग्रेस आज उसी के आधार पर जनता से वोट मांगती।
Datia By-Election: ‘भ्रष्टाचार मुक्त शासन भाजपा की पहचान’
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी शासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने अनुच्छेद-370 हटाने सहित केंद्र सरकार के फैसलों को देशहित में बताया।

‘दतिया उपचुनाव पर पूरे देश की नजर’
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी नहीं, बल्कि कार्यकर्ता चुनाव जिताते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अगले 15 दिनों तक घर-घर संपर्क अभियान चलाकर भाजपा की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Datia By-Election: नरोत्तम बोले- विकास के लिए भाजपा को मजबूत करें
वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद दतिया का अपेक्षित विकास नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास को गति दे रही है और भाजपा की जीत से यह रफ्तार और तेज होगी।
‘कार्यकर्ता की आवाज पर हमेशा साथ रहूंगा’
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी ने उन पर विश्वास जताया है और वे जीवनभर दतिया की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने मतदाताओं से 30 जुलाई को कमल के फूल के पक्ष में मतदान कर भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने की अपील की।
ये भी पढ़े… दतिया में जीतू पटवारी का बड़ा दावा- ‘बदलाव तय, कार्यकर्ता ऐतिहासिक जीत दिलाएं








