Home » पश्चिम बंगाल » टीएमसी के खातों में 164 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन! केंद्रीय जांच एजेंसी ने बैंक से मांगा ब्योरा

टीएमसी के खातों में 164 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन! केंद्रीय जांच एजेंसी ने बैंक से मांगा ब्योरा

BENGAL NEWS: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के फ्रीज किए गए तीन बैंक खातों में से एक में 164 करोड़ रुपए के संदिग्ध लेन-देन की जांच कर रहा है। मामले में केंद्रीय एजेंसी ने संबंधित निजी बैंक से इन ट्रांजेक्शनों का विस्तृत विवरण मांगा है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी ने बैंक अधिकारियों को पत्र भेजकर संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा है। जांच के दौरान एजेंसी को इन ट्रांजेक्शनों की जानकारी मिली, हालांकि अभी इनकी पूरी प्रकृति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

15 खातों पर निकासी पर रोक

फिलहाल टीएमसी के कुल 15 बैंक खातों से राशि निकालने (डेबिट) पर रोक लगी हुई है। इनमें से तीन खातों पर पश्चिम बंगाल पुलिस और ईडी, दोनों के निर्देश पर प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि 12 अन्य खातों पर केवल राज्य पुलिस के निर्देश के बाद रोक लगाई गई। जांच एजेंसियों के अनुसार, तीन फ्रीज खातों में करीब 440 करोड़ रुपए जमा हैं, जबकि सभी 15 खातों में कुल जमा राशि लगभग 1,000 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

BENGAL NEWS: शिकायतों के बाद शुरू हुई कार्रवाई

मामले की शुरुआत टीएमसी के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास के उस पत्र से हुई, जिसमें उन्होंने पार्टी फंड के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए तीन खातों को फ्रीज करने की मांग की थी।

ईडी पूरे वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही

इसके बाद पार्टी के बागी विधायकों ने भी पश्चिम बंगाल पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया कि इन खातों में भ्रष्टाचार और कथित वसूली से जुड़ी रकम हो सकती है। शिकायतों के आधार पर राज्य पुलिस ने पहले खातों से निकासी पर रोक लगाई, जिसके बाद ईडी ने भी अपने स्तर पर कार्रवाई शुरू की। अब ईडी संदिग्ध 164 करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शनों की परतें खोलने में जुटी है और पूरे वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े… फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आरोप में पूर्व अधीक्षक पर FIR के आदेश, अदालत ने पुलिस को दिए जांच के निर्देश