Kanwar Yatra News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
Kanwar Yatra News: सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी-
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने मेरठ और सहारनपुर के मंडलायुक्तों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
Kanwar Yatra News: पड़ोसी राज्यों के साथ बनाए रखें समन्वय-
सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
डीजे की आवाज और कांवड़ की ऊंचाई पर भी सख्ती-
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि डीजे की आवाज निर्धारित मानकों से अधिक नहीं होनी चाहिए। वहीं कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा के अनुरूप रहे, ताकि यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ समितियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
यात्रा मार्गों पर स्वच्छता और सुविधाओं पर जोर-
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने और झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर साफ-सफाई बनी रहे। कांवड़ शिविरों में पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, बिजली, साफ-सफाई और सात्विक भोजन जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मांस और शराब की दुकानें रहेंगी बंद-
सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें। इसके साथ ही लगातार निगरानी रखी जाए ताकि आदेशों का सख्ती से पालन हो। परिवहन विभाग को नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने और विद्युत विभाग को बिजली व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
जनप्रतिनिधियों से समन्वय और योजनाओं का प्रचार-
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा। साथ ही सूचना विभाग को कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए स्वागत द्वार, होर्डिंग लगाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े- गाजियाबाद में दहाड़े CM योगी- ‘बम बनवाने वालों को होती थी शिवभक्तों की ‘बम-बम’ से तकलीफ’








