Guyana Boat Accident: दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया है। 116 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही एक यात्री नौका समुद्र में पलट गई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक 15 बच्चों सहित 67 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा है।
पोमेरून नदी के पास हुआ हादसा
अधिकारियों के अनुसार, एमवी बारिमा नामक यह यात्री नौका राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा की ओर जा रही थी। नौका में यात्रियों के अलावा चालक दल के 17 सदस्य भी सवार थे। रास्ते में पोमेरून नदी के पास आयरन पंट क्षेत्र में देर रात अचानक नौका का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पलट गई। हादसे के तुरंत बाद संकट संदेश भेजा गया, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं।

राहत और बचाव अभियान जारी
नौका दुर्घटना के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 67 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। बचाए गए सभी लोगों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। तटीय क्षेत्रों में मेडिकल टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि समुद्र में लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। फिलहाल प्रशासन ने लापता लोगों की सटीक संख्या सार्वजनिक नहीं की है।
सुरक्षा इंतजाम और सरकार की निगरानी
लोकनिर्माण मंत्री ने बताया कि नौका में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे। इसमें 250 लाइफ जैकेट, दो रिजिड लाइफ राफ्ट और छह इन्फ्लेटेबल लाइफ राफ्ट उपलब्ध थे। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने कहा कि जब तक सभी यात्रियों का पता नहीं चल जाता, तब तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर संभव संसाधन लगाकर लापता लोगों की तलाश की जा रही है और प्रभावित परिवारों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Written by: Rashmi Sharma
ये भी पढ़ें…होर्मुज में जहाज में आग, 9वीं रात भी ईरान पर अमेरिका का हमला; मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव








