Breaking News
Home » नई दिल्ली » संसद मार्च छोड़ बर्गर खाते दिखे CJP के प्रवक्ता विजेता दहिया, बोले- ‘प्रदर्शन में शामिल होना मेरी नौकरी है?’

संसद मार्च छोड़ बर्गर खाते दिखे CJP के प्रवक्ता विजेता दहिया, बोले- ‘प्रदर्शन में शामिल होना मेरी नौकरी है?’

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान पार्टी के प्रवक्ता विजेता दहिया

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के दौरान पार्टी के प्रवक्ता विजेता दहिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं और इसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।

जंतर-मंतर से संसद तक मार्च

दरअसल, बीते दिन सोमवार को CJP ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हुई, जिसमें पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की खबरें सामने आईं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दावा किया गया कि प्रदर्शन के दौरान विजेता दहिया मेट्रो स्टेशन पर बर्गर खाते हुए दिखाई दीं। वायरल वीडियो में एक युवक, जो खुद को CJP समर्थक बताता है, विजेता दहिया से सवाल करता है कि जब प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर और संसद मार्च में मौजूद हैं, तब वह मेट्रो स्टेशन पर क्यों हैं। वीडियो में युवक यह भी पूछता है कि उन्होंने पहले प्रेमानंद महाराज को लेकर कथित रूप से की गई अपनी टिप्पणियों पर क्या कहना है।

CJP Protest: प्रदर्शन में शामिल होना उनकी नौकरी नहीं

वीडियो में इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब देते हुए विजेता दहिया दिखाई नहीं देतीं। वीडियो वायरल होने के बाद विजेता दहिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी प्रदर्शनकारी या किसान के बर्गर खाने को लेकर सवाल उठाए जाते हैं, जबकि अन्य लोगों के ऐसा करने पर कोई आपत्ति नहीं होती। उन्होंने वीडियो में कहा कि कोई प्रदर्शनकारी अगर बर्गर खा ले, या कोई किसान अगर बर्गर खा ले तो दिक्कत होती है। कहा जाता है कि यहाँ पिकनिक चल रही है क्या? विजेता दहिया ने यह भी कहा कि किसी विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना उनकी नौकरी नहीं है और लोगों ने उन्हें इसके लिए नहीं चुना है। वीडियो के अंत में उन्होंने कहा, हाँ, खाऊँगा मैं बर्गर।

हालांकि, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि मुख्य सवाल यह नहीं था कि उन्होंने बर्गर खाया या नहीं, बल्कि यह था कि संसद मार्च के दौरान वह कथित तौर पर प्रदर्शन स्थल से क्यों अनुपस्थित थीं। इस सवाल पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर भी सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा जारी है। फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएँ देखने को मिल रही हैं। वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, जबकि विजेता दहिया ने अपने वीडियो के जरिए विवाद पर अपनी सफाई पेश की है।

ये भी पढ़े… जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बाद बड़ा खुलासा! पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दिल्ली पुलिस की नजर, ‘टूलकिट’ एंगल की भी जांच