Odisha Accident: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बारातियों को लेकर जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी कार अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
शादी में जा रही थी बारात
मिली जानकारी के अनुसार, बांगुरसिंह गांव के रहने वाले अभिषेक साहू की शादी ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के इंदुपुर गांव निवासी रोहित कुमार पृष्टि की बेटी से तय हुई थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए बांगुरसिंह गांव से कई गाड़ियों में बाराती इंदुपुर जा रहे थे।इसी दौरान रात के समय रास्ते में बारातियों से भरी एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे बांध के पानी में जा गिरी। कार में बैठे लोग पानी के अंदर फंस गए। बताया जा रहा है कि बाहर नहीं निकल पाने के कारण दम घुटने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बांगुरसिंह गांव के 25 वर्षीय राम साहू, 26 वर्षीय अविनाश साहू, 25 वर्षीय राकेश कुमार साहू, 27 वर्षीय चंद्रकांत स्वाईं और दूल्हे की मौसी के बेटे अभिजीत साहू के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर ढेंकानाल सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया।
चश्मदीद ने बताई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शी दुर्वासा साहू ने बताया, “बाराती बांगुरसिंह से इंदुपुर जा रहे थे। छाटिया के पास एक मोड़ पर तालाब है, जहां कार अचानक पानी में जा गिरी। जब हम मौके पर पहुंचे तो कार पूरी तरह तालाब में डूबी हुई थी। हम चार-पांच लोग तुरंत पानी में उतरे और अंदर फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन हम सफल नहीं हो सके। इसके बाद गांव के अन्य लोग भी पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।”उन्होंने आगे बताया, “कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें से दो लोग किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन कार के दरवाजे लॉक हो जाने की वजह से बाकी पांच लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।”
बालासोर में भी हुआ था हादसा
इससे पहले ओडिशा के बालासोर जिले से भी एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। वहां धान की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार हादसे का कारण क्या था।इस हादसे के बाद बांगुरसिंह और इंदुपुर दोनों गांवों में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ ही पलों में शादी का उत्सव गहरे दुख में बदल गया।
यह भी पढ़े…23वें राष्ट्रमंडल खेलों का आज से आगाज़: ग्लासगो बनेगा खेलों का वैश्विक मंच








