Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » गोरखपुर में 994 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, CM योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

गोरखपुर में 994 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, CM योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

UP NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दौरे के दौरान जिले को 994 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला।

‘पहले की सरकारों ने युवाओं को बेरोजगार किया’

मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हुआ। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने रोजगार देने के बजाय युवाओं को बेरोजगारी की ओर धकेला और 29 चीनी मिलें बंद होने से किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा।

UP NEWS: आस्था के मुद्दे पर विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो दल पहले आस्था का विरोध करते थे, वही आज आस्था के सबसे बड़े पक्षधर बनने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासन में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, जबकि कांग्रेस ने श्रीराम जन्मभूमि से जुड़े मामले में भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।

कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाया है। उनके अनुसार, बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश बढ़ा है और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

UP NEWS: रोजगार और निवेश पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में बिना किसी भेदभाव के 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं निजी निवेश के माध्यम से 65 लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) योजना ने भी लाखों कारीगरों और युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराया है।

‘गोरखपुर की बदली पहचान’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी माफिया और इंसेफेलाइटिस के लिए चर्चित गोरखपुर अब निवेश, पर्यटन और रोजगार का केंद्र बन रहा है। उन्होंने रामगढ़ताल को पर्यटन और फिल्म शूटिंग का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि शहर तेजी से विकास की नई पहचान बना रहा है। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़े…. Protest Rules in India: किन जगहों पर धरना देना है गैरकानूनी, क्या प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन की है अनुमति?