Vande Mataram: संसद के मॉनसून सत्र के पांचवें दिन भी लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही प्रभावित रही। नीट पेपर लीक के मुद्दे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की। इसी बीच सरकार की ओर से राज्यसभा में ‘वंदे मातरम् बिल’ पेश किया गया। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने भारी हंगामे के बीच राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक 2026 सदन में पेश किया। हालांकि, विपक्ष के हंगामे के कारण बिल पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी। बाद में उपसभापति हरिवंश ने राज्यसभा की कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
लोकसभा में भी जोरदार हंगामा
सत्र के पांचवें दिन लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य वेल में पहुंच गए। सांसदों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। लगातार हंगामे के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
Vande Mataram: राज्यसभा में भी नहीं चल सका सदन
राज्यसभा में भी कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद हंगामा शुरू हो गया। नीट पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरता नजर आया। भारी हंगामे के कारण उच्च सदन की कार्यवाही भी पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई। बाद में ‘वंदे मातरम् बिल’ पेश होने के बावजूद चर्चा नहीं हो सकी और कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित कर दी गई।
‘वंदे मातरम् बिल’ का क्या है मकसद
सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को भी राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की तरह कानूनी संरक्षण प्रदान करना है। इस विधेयक को राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक 2026 के नाम से पेश किया गया है। गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बिल पेश करते हुए कहा कि विधेयक का विरोध करने वाले लोग सदन को गुमराह कर रहे हैं।
Vande Mataram: अपमान पर हो सकती है 3 साल की सजा
प्रस्तावित कानून के तहत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान जानबूझकर रुकावट डालना या इसका किसी भी तरह से अपमान करना दंडनीय अपराध बनाया जा सकता है। दोषी पाए जाने पर अधिकतम 3 साल तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा का प्रावधान हो सकता है। हालांकि, विधेयक पर चर्चा और आगे की प्रक्रिया सदन की अगली बैठक में होगी।
ये भी पढ़ें…नेहरू नगर में कारोबारी के सूने मकान में बड़ी चोरी, 5 करोड़ के जेवर-नगदी उड़ाने की आशंका








