Breaking News
Home » मध्य प्रदेश » दतिया उपचुनाव में मुख्यमंत्री मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- भाजपा को जिताकर विकास को दें नई रफ्तार

दतिया उपचुनाव में मुख्यमंत्री मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- भाजपा को जिताकर विकास को दें नई रफ्तार

Datia By-Election: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव के तहत उदगुवा और उपरायं में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश से गायब हो रही है और अब दतिया की जनता उसे यहां से भी पूरी तरह बाहर कर दे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपचुनाव भाजपा के विकास मॉडल और कांग्रेस की झूठ व भ्रम की राजनीति के बीच का चुनाव है।

“दतिया की जनता कांग्रेस से हिसाब चुकता करे”

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया की जनता क्षेत्र के विकास, समाज के सम्मान और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा चाहती है, जिसे केवल भारतीय जनता पार्टी ही सुनिश्चित कर सकती है। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे बुंदेलखंड के विकास को और गति मिलेगी।

Datia By-Election: डबल इंजन सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग एक लाख करोड़ रुपये की इस परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई, पेयजल और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। साथ ही दतिया क्षेत्र में बिजली, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।

सड़क, बिजली, पानी और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, बिजली, पानी और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस में हजारों भर्तियां निकाली गई हैं, कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन किए गए हैं तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को निशुल्क उपचार और जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल झूठे वादे किए और विकास की गति रोकने का काम किया, जबकि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है।

Datia By-Election: धार्मिक विरासत के संरक्षण का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और चित्रकूट सहित धार्मिक स्थलों के विकास का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भगवान श्रीराम के प्रति आस्था न दिखाने का आरोप लगाया।

Datia By-Election
                                                          Datia By-Election
बुंदेलखंड को बताया डाकू मुक्त क्षेत्र

उपरायं की सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड से डाकुओं का आतंक समाप्त कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाया है। अब प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था मजबूत करते हुए विकास और निवेश को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद आवश्यकता अनुसार नए बिजली फीडर, विद्युत लाइनें और अन्य विकास कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे।

Datia By-Election: गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग तक लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिल रहा है और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

इन नेताओं की रही मौजूदगी

जनसभाओं में प्रदेश सह-प्रभारी सतीश उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री एदल सिंह कंषाना, तुलसीराम सिलावट, गौतम टेटवाल, दिलीप अहिरवार, नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद भारत सिंह कुशवाह, सांसद माया नारोलिया, संध्या राय, महेंद्र सिंह यादव, भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री ललिता यादव, जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े… सरकार का बड़ा फैसला! न्यायिक ढांचे और ई-कोर्ट आधुनिकीकरण के लिए ₹2,010 करोड़ आवंटित