Home » राष्ट्रीय » NEET आंदोलन से जुड़े मोहम्मद जुनैद ने लगाए बड़े आरोप, पिता की पूछताछ पर भी बोले

NEET आंदोलन से जुड़े मोहम्मद जुनैद ने लगाए बड़े आरोप, पिता की पूछताछ पर भी बोले

जुनैद के पिता ने पुलिस पूछताछ पर दिया बयान

Mohammad Junaid: दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के दौरान गाजियाबाद के रहने वाले मोहम्मद जुनैद लगातार सुर्खियों में रहे। उन्होंने एक महीने से भी अधिक समय तक प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए खाने और पीने की व्यवस्था की थी। इस दौरान उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। हाल ही में जुनैद ने आरोप लगाया था कि छात्रों की मदद करने की वजह से उनके परिवार को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।अब इस पूरे मामले में जुनैद के पिता का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में उन्होंने पुलिस पूछताछ को लेकर अपनी बात रखी है। वहीं, गाजियाबाद पुलिस ने भी इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट किया है।

जुनैद के पिता ने क्या कहा?

वीडियो में जुनैद के पिता मुस्तफा ने बताया, “मेरा नाम मुस्तफा है और मेरे पिता का नाम इंतजार है। मैं गांव नाहल का रहने वाला हूं। मेरा बेटा दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन में शामिल था। मुझे पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पूछताछ पूरी होने के बाद मुझे छोड़ दिया गया और मैं वापस अपने घर आ गया।”

जुनैद ने लगाए थे ये आरोप

गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नाहल के रहने वाले मोहम्मद जुनैद ने इंडिया टुडे ग्रुप के डिजिटल प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप से बातचीत में दावा किया था कि 23 जुलाई को मसूरी थाना पुलिस उनके पिता को घर से थाने ले गई थी। उनके अनुसार, देर रात पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।जुनैद का कहना था कि अगले दिन यानी 24 जुलाई की सुबह पुलिस फिर से उनके पिता को अपने साथ ले गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेरठ में रहने वाली उनकी बहन के ससुर और देवर को भी पुलिस गाजियाबाद लेकर आई थी।

पुलिस ने क्या सफाई दी?

इस मामले पर गाजियाबाद के डीसीपी ग्रामीण जोन सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि जुनैद के पिता को केवल सामान्य पूछताछ के लिए मसूरी थाने बुलाया गया था। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें तुरंत घर जाने की अनुमति दे दी गई थी।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी की बात सही नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, यह सिर्फ नियमित पूछताछ थी और इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि जुनैद के पिता ने खुद वीडियो जारी कर इस बात की पुष्टि की है।

कौन हैं मोहम्मद जुनैद?

मोहम्मद जुनैद ने बताया कि वह पेशे से वकील हैं और साथ ही ज्यूडिशियल सर्विस एग्जाम (JSE) की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह 6 जून को CJP के पहले प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पहुंचे थे।उन्होंने बताया कि 20 जून को उनकी एक सरकारी नौकरी की परीक्षा थी। परीक्षा खत्म होने के बाद जब वह जंतर-मंतर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि तेज गर्मी के बावजूद प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं।इसके बाद उन्होंने उसी दिन प्रदर्शन स्थल पर पानी का स्टॉल लगाया। धीरे-धीरे उन्होंने छात्रों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी शुरू कर दी। इसी वजह से आंदोलन के दौरान उनका नाम लगातार चर्चा में बना रहा।

यह भी पढ़े…लोकसभा में पेपर लीक रोकने वाला बिल पेश, स्पीकर बोले- सुधार की दिशा में पहला कदम