Raja Murder Case: इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। हत्या की आरोपी और राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी ने आखिरकार सरेंडर कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सोनम ने मेघालय की एक निचली अदालत में आत्मसमर्पण किया।बता दें कि राजा रघुवंशी की हत्या मेघालय में हुई थी। शादी के बाद राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने मेघालय गया था। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान सोनम ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की थी सोनम की जमानत
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 23 जुलाई को दिए अपने फैसले में सोनम रघुवंशी की जमानत को रद्द कर दिया था। अदालत ने उसे सरेंडर करने का निर्देश दिया था। इसके लिए सोनम को तीन हफ्तों का समय दिया गया था।मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) विवेक सियेम ने जानकारी दी कि मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली सोनम को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी सरकार
इस मामले में इससे पहले मेघालय हाई कोर्ट ने 29 जून को सोनम रघुवंशी को जमानत देने के निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद मेघालय सरकार ने हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई की। अदालत ने सोनम की जमानत रद्द करते हुए मेघालय सरकार की याचिका को मंजूर कर लिया।हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर मामले की सुनवाई आगे नहीं बढ़ती है और छह महीने के अंदर पूरी नहीं हो पाती, तो सोनम दोबारा जमानत के लिए याचिका दाखिल कर सकती है।
क्या है राजा रघुवंशी हत्याकांड?
गौरतलब है कि सोनम रघुवंशी को जून 2025 में अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शादी के बाद सोनम और राजा हनीमून के लिए मेघालय पहुंचे थे।इस दौरान दोनों मेघालय के सोहरा इलाके से अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद मेघालय पुलिस ने उनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया। कुछ दिनों बाद राजा रघुवंशी का शव एक गहरी खाई से बरामद किया गया।पुलिस का दावा है कि सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि इस साजिश को अंजाम देने के लिए भाड़े के हत्यारों की मदद ली गई और हनीमून के दौरान ही राजा की हत्या कर दी गई।
ये भी पढ़ें….न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट पर भारत का पलटवार, PoK को ‘पाकिस्तानी कश्मीर’ बताने पर जताई आपत्ति








