Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 30 जुलाई 2026 को रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर से संन्यास की घोषणा की। उनके लिए यह फैसला कितना भावुक था, इसकी झलक उनके रिटायरमेंट वीडियो में भी देखने को मिली। क्रिकेट को अलविदा कहते समय रहाणे अपने जज्बात पर काबू नहीं रख पाए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। अब रहाणे के बाद भारतीय क्रिकेट के तीन और बड़े नामों के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
195 इंटरनेशनल मैच खेलकर रहाणे ने कहा अलविदा
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए कुल 195 इंटरनेशनल मुकाबले खेले और इस दौरान 8414 रन बनाए। उन्होंने 31 अगस्त 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने तीनों फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनकी एक अलग पहचान बनी। रहाणे ने कई मुश्किल विदेशी दौरों पर भारत के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और कप्तान के तौर पर भी यादगार सफलता हासिल की।रहाणे के संन्यास के बाद अब नजर उन अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों पर है, जो लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव और युजवेंद्र चहल ऐसे तीन बड़े नाम हैं, जिनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो सकती हैं।
Ajinkya Rahane Retirement: मोहम्मद शमी की वापसी की राह हुई मुश्किल
इस सूची में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का नाम सबसे प्रमुख है। घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन करने के बावजूद अगर शमी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे नहीं खुलते हैं तो उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर सवाल और गहरे हो सकते हैं। वह टेस्ट और टी20 टीम से भी बाहर चल रहे हैं। बढ़ती उम्र और युवा तेज गेंदबाजों के उभरने के कारण उनके लिए वापसी आसान नहीं दिखाई देती।2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए भारतीय टीम मैनेजमेंट भविष्य की योजना पर काम कर रहा है। ऐसे में अगर शमी को आगामी सीरीज में मौका नहीं मिलता है तो वह अपने इंटरनेशनल करियर को लेकर बड़ा फैसला कर सकते हैं।
Ajinkya Rahane Retirement: सूर्यकुमार यादव के भविष्य पर भी नजर
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बावजूद बाद में टीम में उनकी जगह को लेकर परिस्थितियां बदलीं। सूर्यकुमार लंबे समय से मुख्य रूप से टी20 फॉर्मेट में ही भारत के लिए सक्रिय रहे हैं, जबकि वनडे और टेस्ट क्रिकेट में उनकी वापसी की संभावनाएं काफी कम दिखाई देती हैं।ऐसे में टी20 टीम में भी अगर उन्हें लगातार मौके नहीं मिलते हैं तो 35 वर्षीय सूर्यकुमार के अंतरराष्ट्रीय भविष्य पर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि उनकी ओर से फिलहाल संन्यास को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
युजवेंद्र चहल भी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर
भारतीय टीम के अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल भी लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हैं। चहल ने 2023 के बाद भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है। टीम इंडिया के पास अब स्पिन विभाग में कई युवा विकल्प मौजूद हैं, जिसके चलते उनकी वापसी की राह लगातार मुश्किल होती दिखाई दे रही है।चहल 36 साल के हो चुके हैं और अगले बड़े आईसीसी टूर्नामेंट तक उनकी उम्र भी चयन में एक अहम पहलू बन सकती है। यदि चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता देना जारी रखते हैं तो चहल भी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर फैसला कर सकते हैं।
Ajinkya Rahane Retirement: क्या रहाणे के बाद तीन और दिग्गज कहेंगे अलविदा?
अजिंक्य रहाणे का संन्यास भारतीय क्रिकेट में एक दौर के अंत जैसा है। अब शमी, सूर्यकुमार और चहल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के भविष्य पर भी नजरें रहेंगी। तीनों ने अपने-अपने समय में टीम इंडिया के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए हैं, लेकिन मौजूदा प्रतिस्पर्धा और भविष्य की टीम तैयार करने की रणनीति के बीच उनकी वापसी आसान नहीं दिख रही। हालांकि तीनों में से किसी ने भी अभी संन्यास की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, इसलिए फिलहाल इसे केवल संभावना के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
ये भी पढ़े…….मोदी के पाकिस्तान दौरे की आहट? इस्लामाबाद ने शुरू की SCO समिट की तैयारी, भारत को लेकर आया बड़ा बयान








