Dhurandhar: बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ में जिस कुख्यात पाकिस्तानी गैंगस्टर उजैर बलोच के अपराध जगत की कहानी को नाटकीय रूप में दिखाया गया, अब उसी परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेल में बंद उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर कराची के लियारी इलाके में दिनदहाड़े जानलेवा हमला हुआ है।
घर के बाहर बैठे थे, तभी बरसी गोलियां
बताया जा रहा है कि 40 वर्षीय जुबैर बलोच अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी बाइक पर आए दो नकाबपोश हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां उनके सीने और पेट में लगीं, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी की गई। इस फायरिंग में दो राहगीर भी घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Dhurandhar: गैंगवार या पुरानी दुश्मनी? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
हमले के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पुरानी गैंगवार और निजी दुश्मनी, दोनों एंगल से की जा रही है। घटना के दौरान एक स्थानीय दुकानदार ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। कथित CCTV फुटेज में हमले के बाद का अफरा-तफरी भरा माहौल भी सामने आया है।
Dhurandhar: उजैर बलोच पहले से जेल में बंद
रिपोर्ट्स के अनुसार, जुबैर बलोच पहले भी कई आपराधिक मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और पिछले साल जेल से बाहर आया था। वहीं उसका भाई उजैर बलोच जासूसी से जुड़े मामले में सुनाई गई 12 साल की सजा काट रहा है।कराची का लियारी इलाका वर्षों तक गैंगवार, वसूली और संगठित अपराध का गढ़ माना जाता रहा है। ऐसे में ‘धुरंधर’ में दिखाए गए अपराध जगत से जुड़े इस परिवार पर हुआ यह हमला एक बार फिर पुराने गैंग संघर्षों की वापसी की चर्चाओं को तेज कर रहा है। हालांकि, हमले की असली वजह क्या है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी तक नहीं हुआ है और पुलिस की जांच जारी है।
ये भी पढ़े……स्वतंत्रता पर्व से पहले CM योगी की अपील, बोले- ‘हर घर तिरंगा’ बने देशव्यापी जनआंदोलन








