Home » लाइफस्टाइल » दिल्ली से 2 घंटे दूर है 500 साल पुराना शाही किला, जहां पहाड़ ही बन गया था महल

दिल्ली से 2 घंटे दूर है 500 साल पुराना शाही किला, जहां पहाड़ ही बन गया था महल

दिल्ली-जयपुर हाईवे का शानदार शाही किला

Neemrana Fort: मानसून में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गाड़ी दौड़ा रहे हैं तो एक जगह है, जहां रुकना बनता है। नाम है नीमराना फोर्ट। ये सिर्फ किला नहीं है। ये अरावली की एक पूरी पहाड़ी है, जिसे काटकर राजपूत राजाओं ने महल में बदल दिया था।इतिहास, लग्जरी और एडवेंचर, तीनों एक ही जगह। इसीलिए बरसात में यहां टूरिस्ट की भीड़ सबसे ज्यादा होती है।

1464 से शुरू हुई थी कहानी

नीमराना फोर्ट अलवर जिले में बना है। इसे साल 1464 में बनवाया गया था। सदियों तक ये जगह स्थानीय राजपूत शासकों का गढ़ रही। पहाड़ी की चोटी पर बना होने की वजह से दुश्मन इसे आसानी से नहीं भेद पाते थे।आज भी इसकी दीवारों पर 500 साल का इतिहास जिंदा दिखता है।

खास बात: पहाड़ पर बना सीढ़ीदार महल

नीमराना की सबसे बड़ी यूएसपी इसका स्ट्रक्चर है।आमतौर पर किले मैदान में बनते हैं, लेकिन इसे अरावली की ढलान पर 9 लेवल में बनाया गया है।ऊपर से नीचे तक झरोखे, आंगन, बगीचे, गलियारे और शाही कमरे एक के बाद एक आते हैं। हर कमरे से अरावली के पहाड़ों का नजारा मिलता है। बरसात में चारों तरफ हरियाली और बादलों का नजारा इसे और भी खूबसूरत बना देता है।

अब है दुनिया का फेमस हेरिटेज होटल

कई सालों तक वीरान पड़े इस किले को रेनोवेट करके हेरिटेज होटल बना दिया गया।आज आप यहां राजा-महाराजाओं जैसी फील ले सकते हैं। शाही कमरे में रुकना, फोर्ट के अंदर डिनर करना और छत से सनसेट देखना। विदेशी टूरिस्ट भी खास इसी एक्सपीरियंस के लिए यहां आते हैं।

इतिहास के साथ एडवेंचर भी

अगर सिर्फ किला देखकर बोर हो जाएं तो टेंशन नहीं। नीमराना एडवेंचर के लिए भी फेमस है।यहां आप एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन कर सकते हैं। साथ में रॉक क्लाइम्बिंग, हॉट एयर बैलून और रैपलिंग जैसी एक्टिविटी भी मिलती हैं। हां, ये थोड़ी महंगी हैं, इसलिए जाने से पहले बजट जरूर बना लें।

कब जाएं और कैसे पहुंचे

यहां घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच माना जाता है। इस दौरान मौसम बेहद सुहावना रहता है और गर्मी भी परेशान नहीं करती, जिससे यात्रा का आनंद दोगुना हो जाता है। वहीं, अगर आप प्रकृति की हरी-भरी खूबसूरती देखना चाहते हैं, तो बरसात का मौसम भी शानदार विकल्प है। बारिश के बाद चारों ओर फैली हरियाली इस जगह की सुंदरता को और निखार देती है। यहां पहुंचना भी काफी आसान है। यह दिल्ली से लगभग 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां अपनी कार से करीब 2 घंटे में पहुंचा जा सकता है। यदि आप ट्रेन या फ्लाइट से यात्रा कर रहे हैं, तो पहले जयपुर पहुंचें और वहां से टैक्सी लेकर आराम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

अगर आप वीकेंड पर इतिहास, फोटो और थोड़ी लग्जरी एक साथ चाहते हैं, तो नीमराना फोर्ट बेस्ट ऑप्शन है। ये किला आपको बताता है कि कैसे इंसान ने पहाड़ को भी अपना महल बना लिया।

Written By: Mansi Sharma

यह भी पढ़े- सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार दोनों में दिखी तेजी