Home » उत्तर प्रदेश » ‘राहुल गांधी से डरती है सरकार’; प्रयागराज में कार्यक्रम पर रोक के बाद पवन खेड़ा का सरकार बड़ा हमला

‘राहुल गांधी से डरती है सरकार’; प्रयागराज में कार्यक्रम पर रोक के बाद पवन खेड़ा का सरकार बड़ा हमला

UP POLITICS: प्रयागराज में कांग्रेस के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने और राहुल गांधी के कार्यक्रमों से डरने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी से डरती है सरकार, हम भी डराते रहेंगे: पवन खेड़ा

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार राहुल गांधी से संसद के अंदर और बाहर दोनों जगह डरती है। उन्होंने कहा, “ये लोग राहुल गांधी से डरते हैं। संसद में भी और बाहर भी। डरने दीजिए, हम भी डराते रहेंगे।” खेड़ा ने आरोप लगाया कि जहां भी राहुल गांधी छात्रों से संवाद करने जाते हैं, वहां सरकार कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को उठाती रहेगी और कार्यक्रम जारी रहेंगे। रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर भी पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस लगातार छात्रों के संपर्क में है और उनके साथ खड़ी है।

UP POLITICS: हम कार्यक्रम करेंगे, आप रोकिए- इमरान प्रतापगढ़ी 

वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज से घबरा रही है। उन्होंने कहा, “अगर आप ‘छात्रों की गूंज’ को रोकेंगे, तो छात्रों की हुंकार सुनाई देगी। राहुल गांधी को छात्रों से संवाद करने से मत रोकिए। हम कार्यक्रम करेंगे, आप रोकिए।” प्रयागराज में प्रस्तावित कार्यक्रम को अनुमति न मिलने के बाद कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है, जबकि प्रशासन की ओर से अनुमति न देने के कारणों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

ये भी पढ़े… प्रतापगढ़ हादसा: 100 साल पुराना मकान गिरने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख