Prashant Kishor News: जन सुराज पार्टी के प्रमुख और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के साथ हुई लंबी बैठक में पार्टी संगठन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में उन्हें पार्टी के साथ काम करना है तो संगठनात्मक स्तर पर ठोस फैसले लेने होंगे।
6 घंटे चली अहम बैठक
गुरुवार को मुंबई में सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और जय पवार के साथ प्रशांत किशोर की एक बेहद अहम बैठक हुई। यह मीटिंग करीब 6 घंटे तक चली। बताया जा रहा है कि पार्थ पवार खुद एक चार्टर्ड प्लेन से प्रशांत किशोर को मुंबई लेकर आए थे। इस बैठक में प्रशांत किशोर की टीम के दो सदस्य भी मौजूद थे, जबकि जय पवार इस मीटिंग में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े थे।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के भीतर कथित तौर पर मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि ‘डिजाइन बॉक्स’ नाम की कंपनी के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट समाप्त करने के बाद एनसीपी ने पार्टी की सार्वजनिक छवि को फिर से बनाने और आगामी चुनावों की तैयारी के उद्देश्य से प्रशांत किशोर को अपना नया राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया है।
Prashant Kishor News: सुनील तटकरे के कामकाज पर सवाल
रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने महाराष्ट्र एनसीपी अध्यक्ष सुनील तटकरे के कामकाज पर असंतोष जताया। उनका कहना था कि जब तक राज्य स्तर का नेतृत्व पूरी तरह सहयोग नहीं करेगा, तब तक प्रभावी रणनीति पर काम करना मुश्किल होगा।
पहले दिए सुझावों पर भी जताई नाराजगी
बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर इससे पहले भी सुनेत्रा और पार्थ पवार से कई बार मुलाकात कर संगठन में बदलाव के सुझाव दे चुके हैं। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि पिछली बैठकों में दिए गए सुझावों पर अब तक अमल नहीं किया गया।
Prashant Kishor News: अब सुनेत्रा पवार के फैसले पर नजर
प्रशांत किशोर की इस स्पष्ट राय के बाद अब राजनीतिक हलकों की नजर सुनेत्रा पवार के अगले कदम पर है। माना जा रहा है कि पार्टी संगठन और नेतृत्व से जुड़े फैसले आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकते हैं।
बिहार के उपचुनाव में पीके ने किया था बड़ा उलटफेर
गौरतलब है कि हाल ही में प्रशांत किशोर ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को हराकर सबको चौंका दिया था। इसी बड़ी राजनीतिक हलचल के बाद वह गुरुवार को मुंबई में सुनेत्रा पवार से मिलने के लिए पहुंचे थे, जिसके बाद अब महाराष्ट्र की राजनीति में भी सुगबुगाहट तेज हो गई है।
ये भी पढ़े… इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण वाले कंटेंट पर NHRC का बड़ा एक्शन, Meta और 8 राज्यों के DGP को नोटिस








