Pune Dog Attack: महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में आवारा कुत्तों के झुंड ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। उसके सिर पर 80 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं।यह घटना रविवार दोपहर चिखली इलाके में हुई। बच्ची के पिता गिरधर मिश्रा ने बताया कि उनकी बेटी पास के एक पेड़ से कुछ पत्तियां लेने के लिए घर से बाहर गई थी। जैसे ही वह पेड़ के पास पहुंची, वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया।
करीब 43 सेकेंड तक बच्ची पर हमला
गिरधर मिश्रा के अनुसार, कुत्तों ने करीब 43 सेकेंड तक बच्ची को काटा और नोचा। हमले में उसके सिर के अलावा हाथों और जांघों पर भी चोटें आई हैं।बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुत्तों को भगाया और बच्ची को वहां से उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।इस पूरी घटना का CCTV फुटेज मंगलवार को सामने आया है।
CCTV में दिखाई दिया पूरा हमला
CCTV फुटेज में आवारा कुत्तों का झुंड बच्ची को चारों ओर से घेरता नजर आ रहा है। बच्ची कुत्तों से बचने के लिए वहां से भागने की कोशिश करती दिखाई देती है।इसी दौरान दो कुत्तों ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद झुंड के बाकी कुत्ते भी बच्ची की तरफ दौड़ पड़े और उस पर हमला करने लगे।बच्ची की चीख सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे। लोगों को आता देखकर कुत्ते मौके से भाग गए और बच्ची को बचाया जा सका।
घटना को ऐसे समझें
बच्ची घर से पेड़ की पत्तियां लेने के लिए बाहर निकली थी। जैसे ही वह पेड़ के पास पहुंची, उसकी नजर कुत्तों पर पड़ी। बच्ची ने उनसे बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन तभी दो कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद सात कुत्तों का पूरा झुंड बच्ची को घेरकर उसे काटने और नोचने लगा। बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को वहां से भगाया। इसके बाद लोगों ने घायल बच्ची को उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पिता ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
बच्ची के पिता ने कहा कि उनके इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।महाराष्ट्र के कल्याण में भी आवारा कुत्ते के हमले की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक कुत्ते ने करीब सात घंटे के अंदर 130 लोगों को काट लिया।यह घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई। कुत्ते ने सड़क पर पैदल चल रहे लोगों के साथ-साथ बाइक सवारों और ऑटो में बैठे यात्रियों को भी निशाना बनाया।
25 लोग अस्पताल में भर्ती
कुत्ते के हमले में घायल हुए 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 11 साल की एक बच्ची को इलाज के लिए मुंबई के सायन अस्पताल भेजा गया।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं की। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी यह पुष्टि नहीं की गई है कि हमलावर कुत्ते को पकड़ा गया है या नहीं।








