Amit Shah: पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य दौरे की संभावना तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह 20 अगस्त से तीन दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल आ सकते हैं। यह दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अभी उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आजादी के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार के 100 दिन 19 अगस्त को पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में शाह का संभावित दौरा राज्य सरकार के कामकाज और पार्टी संगठन की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
अधिकारियों के साथ बैठक की संभावना
भाजपा की राज्य समिति से जुड़े एक सदस्य के मुताबिक, अगर अमित शाह पश्चिम बंगाल आते हैं तो उनके तीन दिवसीय कार्यक्रम में कई प्रशासनिक और राजनीतिक बैठकें शामिल हो सकती हैं। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री के राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करने की संभावना है। बैठक में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जा सकती है। खास तौर पर केंद्र प्रायोजित योजनाओं को राज्य में किस तरह लागू किया जा रहा है, इस पर चर्चा होने की उम्मीद है। शाह का दौरा पार्टी की कोर कमेटी और विस्तारित राज्य समिति की बैठक के साथ भी पड़ सकता है।
Amit Shah: संगठन में फेरबदल पर हो सकती है चर्चा
राजनीतिक जानकारों की नजर अमित शाह के संभावित दौरे के संगठनात्मक पहलू पर भी है। अक्टूबर में दुर्गा पूजा से पहले भाजपा के पश्चिम बंगाल संगठन में एक और फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, साल के अंत में होने वाले संभावित संगठनात्मक बदलाव को लेकर केंद्रीय नेतृत्व अमित शाह से सलाह ले सकता है। बदलाव का मुख्य फोकस संगठनात्मक जिलों, मंडल यानी ब्लॉक और बूथ स्तर पर रहने की संभावना है। वहीं राज्य समिति के स्तर पर अपेक्षाकृत कम बदलाव किए जाने की चर्चा है।
राष्ट्रीय संगठन में बंगाल के नामों पर मंथन
पश्चिम बंगाल भाजपा नेतृत्व केंद्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारियों के लिए राज्य से दो नामों की सिफारिश करने की तैयारी में भी है। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव जैसे पद शामिल हैं। ऐसे में अमित शाह का संभावित दौरा भाजपा के लिए केवल सरकार के 100 दिन पूरे होने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रशासनिक समीक्षा के साथ संगठनात्मक रणनीति तय करने का भी अवसर बन सकता है। फिलहाल पार्टी के भीतर उनके कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू होने की चर्चा है, लेकिन अंतिम कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है।
ये भी पढ़ें …राम मंदिर में CEO की नियुक्ति पर संत समाज नाराज, आंदोलन की चेतावनी








