Home » राष्ट्रीय » ‘सुरक्षा से समझौता न करें’, सरकार ने Air India को लगाई फटकार, DGCA को सख्त नियमों के निर्देश

‘सुरक्षा से समझौता न करें’, सरकार ने Air India को लगाई फटकार, DGCA को सख्त नियमों के निर्देश

एयर इंडिया पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव

Air India Flight: 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट के पायलट के मारिजुआना टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। फ्लाइट के दौरान तकनीकी गड़बड़ियों और तेज टर्बुलेंस की घटना के बाद सरकार ने एयरलाइन प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ी चेतावनी दी है।नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया के CEO को तलब कर सुरक्षा में हुई संभावित लापरवाही पर जवाब मांगा है। साथ ही, नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को पायलटों के ड्रग और डोप टेस्ट से जुड़े नियमों को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।सरकार ने एयर इंडिया से अपने ऑपरेशनल सिस्टम की निगरानी मजबूत करने और यात्रियों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी लेने को कहा है।

फ्लाइट में आईं कई तकनीकी परेशानियां

फुकेत से दिल्ली आने वाली AI 2379 फ्लाइट में 145 यात्री सवार थे। ओडिशा के ऊपर उड़ान के दौरान विमान को कई तरह की चेतावनियां मिलीं, जिसके बाद सफर मुश्किल हो गया।रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम, दरवाजों और एलिवेटर से जुड़े अलर्ट मिले थे। इस दौरान ऑटोपायलट भी बंद हो गया। स्थिति बिगड़ने के बीच विमान की ऊंचाई करीब 300 फीट कम हो गई।टर्बुलेंस और इस पूरी घटना के कारण 20 यात्री और चार केबिन क्रू सदस्य घायल हो गए।यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब जून में हुए एयर इंडिया के अहमदाबाद विमान हादसे की अंतिम रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है। उस दुर्घटना में 260 लोगों की मौत हुई थी।

जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत में एक अधिकारी ने कहा कि पिछले साल जून में हुए अहमदाबाद हादसे की अंतिम रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है और अब एयर इंडिया से जुड़ी एक और गंभीर घटना हुई है।अधिकारी के मुताबिक, सरकार ने AI 2379 से जुड़ी घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। एविएशन सेक्रेटरी समीर सिन्हा ने एयर इंडिया के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि एयरलाइन को इस मामले की जिम्मेदारी लेनी होगी।उन्होंने यह भी कहा कि जांच में जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पायलट का ड्रग टेस्ट आया पॉजिटिव

फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड (PIC) का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। जांच में मारिजुआना की मौजूदगी की पुष्टि हुई।रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ के दौरान पायलट ने जांचकर्ताओं को बताया कि निजी परेशानियों के चलते उन्हें नींद की गोलियां लेने की सलाह दी गई थी। पायलट ने दावा किया कि इन्हीं दवाओं के कारण उनका ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया।हालांकि, उड़ान के दौरान उनके व्यवहार की भी जांच की जा रही है। केबिन क्रू के कुछ सदस्यों ने पायलट के व्यवहार को लेकर शिकायत की थी।

कॉकपिट में पायलट के व्यवहार की भी जांच

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान पायलट-इन-कमांड साइकोएक्टिव पदार्थों के प्रभाव में नजर आ रहे थे। मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि पायलट बार-बार कॉकपिट के फर्श पर बैठ रहे थे।आरोप यह भी है कि पायलट ने कॉकपिट के अंदर धूम्रपान करने की कोशिश की। इस स्थिति में केबिन क्रू को हस्तक्षेप करना पड़ा।अब जांच एजेंसियां पायलट के ड्रग टेस्ट, उड़ान के दौरान उनके व्यवहार और विमान में हुई तकनीकी गड़बड़ियों समेत पूरे मामले की जांच कर रही हैं। सरकार ने भी एयरलाइन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरतने और अपने ऑपरेशनल सिस्टम की निगरानी मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़े- मॉनसून का बदला मिजाज, कहीं तेज बारिश तो कहीं उमस का असर, जानें आज किन इलाकों में बरसेंगे बादल?