Vaishali Murder Case: बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार सुबह एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी पश्चिम इलाके में हुई। मृतक की पहचान दिग्घी पश्चिम निवासी ठेकेदार रामनरेश राय के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस से हमलावरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
दो बाइक से आए चार बदमाश
पुलिस के मुताबिक, रामनरेश राय रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ दूर पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे। इसके बाद बदमाशों ने रामनरेश राय पर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।फायरिंग में कई गोलियां लगने से रामनरेश राय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चार से पांच गोलियां लगने की बात
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि रामनरेश राय सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, रामनरेश राय को करीब चार से पांच गोलियां लगी हैं।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए।
जमीन विवाद का एंगल भी सामने आया
जानकारी के अनुसार, रामनरेश राय अलग-अलग सरकारी विभागों में ठेकेदारी का काम करते थे। शुरुआती जांच में करीब एक महीने पहले जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला सामने आने की बात कही जा रही है।हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि उनकी हत्या किस वजह से की गई। पुलिस पुरानी रंजिश, जमीन-जायदाद के विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति को संभालने की कोशिश की गई।दिघी नया टोला और आसपास के इलाकों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार इलाके में निगरानी कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।
यह भी पढ़े- दिल्ली के लाल किले के पास हमले में अल-कायदा का कनेक्शन, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा








