CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार को बड़वानी पहुंचेंगे। यहां वे ‘जन विश्वास अभियान’ के तहत आयोजित दूसरे जिला-स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अभियान की शुरुआत 7 अगस्त को हुई थी। बड़वानी में मुख्यमंत्री आम लोगों की शिकायतों के समाधान और सरकारी योजनाओं के जमीन पर हो रहे काम की समीक्षा करेंगे।
शिकायतों के समाधान पर फोकस
मुख्यमंत्री मोहन यादव बड़वानी कलेक्टरेट के सभागृह में होने वाले जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वे आम लोगों की अलग-अलग शिकायतों और आवेदनों पर हुई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा करेंगे।पूरी प्रक्रिया सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का शत-प्रतिशत समाधान करना है। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करना, उनकी लगातार निगरानी करना और लोगों को तय समय-सीमा में लोक सेवाएं उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है।
स्कूल में आधुनिक सुविधाओं का जायजा
मुख्यमंत्री यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरलाय का भी निरीक्षण करेंगे। यहां वे जिले के पहले मैथ्स पार्क, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और स्मार्ट क्लास को देखेंगे। इस दौरान वे स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।इसके बाद जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री उद्यमियों, प्रगतिशील किसानों और जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों से बातचीत करेंगे।
किसानों से खेती और योजनाओं पर चर्चा
संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे किसानों से चर्चा करेंगे। इस दौरान जिले में एचडीपीएस तकनीक से की जा रही कपास की खेती, कस्टम हायरिंग सेंटर और एफपीओ से जुड़े विषयों पर भी बातचीत होगी।इसके अलावा सरकारी योजनाओं के तहत ऋण लेकर खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उद्योग शुरू करने वाले हितग्राहियों से उनके अनुभव जाने जाएंगे। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन, निमाड़ी गायों के संरक्षण, मछली बीज उत्पादन और मछली पालन जैसे विषयों पर भी किसानों से संवाद करेंगे।मुख्यमंत्री मोहन यादव किसान संगठनों के पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे। इस बातचीत में ई-टोकन व्यवस्था समेत किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उद्यमियों के अनुभव जानेंगे CM
संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जिले के सफल उद्यमियों से भी उनके कामकाज को लेकर विस्तार से बातचीत करेंगे। इसमें खाद्य प्रसंस्करण और एग्रो इंडस्ट्रीज, कपास और जिनिंग उद्योग, रिन्यूएबल एनर्जी, वेस्ट मैनेजमेंट, इको-फ्रेंडली उत्पाद, विनिर्माण और नवाचार तथा स्टार्ट-अप के क्षेत्र में काम कर रहे उद्यमी शामिल होंगेमुख्यमंत्री इन क्षेत्रों में हो रहे काम, उपलब्ध संभावनाओं और उद्यमियों के अनुभवों की जानकारी लेंगे।
अभियान का दूसरा बड़ा जिला कार्यक्रम
‘जन विश्वास अभियान’ की शुरुआत 7 अगस्त को की गई थी। बड़वानी में होने वाला कार्यक्रम इस अभियान के तहत दूसरा बड़ा जिला-स्तरीय आयोजन होगा।इस अभियान के जरिए राज्य सरकार सार्वजनिक सेवाओं की व्यवस्था और लोगों की शिकायतों के समाधान की सीधी निगरानी को और मजबूत करना चाहती है। अभियान के तहत मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं। इन दौरों का उद्देश्य लोगों की शिकायतों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उन्हें मिल रही सेवाओं की स्थिति का मौके पर जाकर आकलन करना है।
ये भी पढ़ें… अमेरिकी नौसैनिकों ने USS अब्राहम लिंकन से कूदने की कोशिश की? अब भेजा जा रहा नया एयरक्राफ्ट कैरियर








