Home » नई दिल्ली » फायरिंग से पहले गैंग पर शिकंजा: टिल्लू-कौशल चौधरी गैंग के 3 शूटर हथियारों संग गिरफ्तार

फायरिंग से पहले गैंग पर शिकंजा: टिल्लू-कौशल चौधरी गैंग के 3 शूटर हथियारों संग गिरफ्तार

रंगदारी की तैयारी, 3 शूटर गिरफ्तार

Delhi Police: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टिल्लू ताजपुरिया, कौशल चौधरी और गुरविंदर बाबा गैंग से जुड़े तीन सक्रिय शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ बाबा के इशारे पर रंगदारी वसूली और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ मोनू (33), नयन अग्रवाल (25) और दुर्गेश राय उर्फ डेविल (22) के रूप में हुई है। इनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अब पुलिस गैंग के दूसरे सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

दो पिस्टल और 11 कारतूस बरामद

स्पेशल सेल की साउथ-वेस्टर्न रेंज ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों की गिरफ्तारी से रंगदारी के लिए की जाने वाली फायरिंग की कई संभावित घटनाओं को समय रहते रोका गया है।पुलिस के अनुसार, हेमंत, नयन और दुर्गेश इस गैंग के सक्रिय सदस्य और शूटर हैं। तीनों कथित तौर पर अमेरिका में बैठे गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ बाबा के निर्देश पर काम कर रहे थे।

हरिश माथुर की हत्या के बाद बढ़ी निगरानी

30 जुलाई 2026 को गैंगस्टर दिनेश कराला के करीबी हरिश माथुर की हत्या के बाद इस गैंग का नाम सामने आया था। इसके बाद स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंग के सदस्यों और शूटरों पर नजर बढ़ा दी।पुलिस टीम ने करीब 10 दिनों तक ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को गैंग के इन सदस्यों की गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिली।2 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि गैंग के दो सक्रिय शूटर पश्चिम विहार इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद स्पेशल सेल की टीम ने जिला पार्क के पास घेराबंदी की और हेमंत उर्फ मोनू और नयन अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया।उनके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

जीरकपुर से लाई गई थी हथियारों की खेप

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मई 2026 में वे गुरविंदर बाबा के निर्देश पर जीरकपुर गए थे। वहां एक खेत में बताए गए स्थान से उन्होंने हथियार और कारतूस की खेप उठाई थी।इसके बाद यह हथियारों की खेप दिल्ली में मौजूद गुरविंदर बाबा के एक संपर्क व्यक्ति को सौंप दी गई थी।पुलिस के मुताबिक, मई में ही हेमंत और नयन चंडीगढ़ के दो सैलून पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने पहुंचे थे। हालांकि, दोनों उस समय वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।इसके बाद वे एक बार फिर फायरिंग की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

तीसरा शूटर दुर्गेश भी पकड़ा गया

स्पेशल सेल ने 8 अगस्त को गैंग के एक अन्य सदस्य दुर्गेश राय उर्फ डेविल को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, दुर्गेश ने गुरविंदर बाबा के कहने पर हरियाणा के करनाल में खेतों के बीच बने एक मकान पर फायरिंग की थी।दुर्गेश पहले भी अपहरण और लूट के मामलों में आरोपी रह चुका है। पुलिस का दावा है कि वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील और वीडियो बनाकर इलाके में डर का माहौल पैदा करने की कोशिश करता था।

इसलिए रखा था ‘डेविल’ नाम

पुलिस के मुताबिक, दुर्गेश राय ने अपनी छवि को खौफनाक दिखाने के लिए खुद का नाम ‘डेविल’ रखा था।वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो और रील पोस्ट करता था। इन पोस्ट के जरिए वह खुद को गैंगस्टर और माफिया के तौर पर पेश करने की कोशिश करता था। उसके खिलाफ राजस्थान में अपहरण और लूट का मामला भी दर्ज है।

हेमंत की भूमिका क्या थी?

पुलिस के अनुसार, हेमंत उर्फ मोनू ने 12वीं तक पढ़ाई की है। जल्दी पैसा कमाने की चाह में वह अपराध की दुनिया में चला गया।वह पहले भी एक रेस्टोरेंट मालिक पर फायरिंग के मामले में आरोपी रह चुका है। जांच में यह भी सामने आया है कि हेमंत गैंग के लिए हथियारों की व्यवस्था करने, पैसों की सप्लाई और दूसरी जरूरी लॉजिस्टिक मदद पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता था।

नयन पहली बार आपराधिक मामले में आया सामने

नयन अग्रवाल का नाम पहली बार किसी आपराधिक मामले में सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वह हेमंत उर्फ मोनू के संपर्क में आने के बाद गैंग से जुड़ा था।इसके बाद वह धीरे-धीरे गैंग की गतिविधियों में शामिल होता चला गया।स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और रंगदारी के पूरे तंत्र की भी जांच कर रही है।पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान गैंग की गतिविधियों और उसके विदेशी कनेक्शन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

ये भी पढ़ें… मध्य प्रदेश: बड़वानी में जन शिकायतों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे CM मोहन यादव