Home » राष्ट्रीय » सितंबर में भारत आएंगे ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन, दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

सितंबर में भारत आएंगे ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन, दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

Iran President

Iran President: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन सितंबर में भारत दौरे पर आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पेजेशकियन नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत इस वर्ष BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और इसी के तहत राजधानी में सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह दौरा ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब पश्चिम एशिया में तनाव बना हुआ है और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा जारी है।

12-13 सितंबर को हो सकता है BRICS सम्मेलन

भारत की राजधानी नई दिल्ली में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन सितंबर में आयोजित होने की संभावना है। रिपोर्टों के अनुसार, सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को हो सकता है। बैठक में सदस्य देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग के अलावा वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को ब्राजील से BRICS की अध्यक्षता संभाली थी। इस वर्ष भारत की अध्यक्षता की थीम ‘Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ रखी गई है, जिसका जोर लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास पर है।

Iran President: 2024 में कजान में मोदी से मिले थे पेजेशकियन

मसूद पेजेशकियन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इससे पहले अक्टूबर 2024 में रूस के कजान में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय परिस्थितियों पर भी चर्चा की थी। ईरान 2024 में BRICS का पूर्ण सदस्य बना था। उसके साथ मिस्र, इथियोपिया और संयुक्त अरब अमीरात भी समूह में शामिल हुए। वर्ष 2025 में इंडोनेशिया के शामिल होने के बाद BRICS के पूर्ण सदस्यों की संख्या 11 हो गई।

पश्चिम एशिया के तनाव के बीच दौरा अहम

पेजेशकियन की प्रस्तावित भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बना हुआ है। ऐसे में BRICS सम्मेलन के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा, कूटनीति और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर ईरान का रुख महत्वपूर्ण हो सकता है। भारत और ईरान के बीच लंबे समय से राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक संबंध रहे हैं। दोनों देश क्षेत्रीय संपर्क और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर भी सहयोग करते रहे हैं।

Iran President: ईरानी विदेश मंत्री भी मई में आए थे भारत

पेजेशकियन के संभावित दौरे से पहले ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची मई 2026 में BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने 13 मई को बैठक में भाग लिया और 15 मई को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी। बैठक के दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई थी। अराघची ने बातचीत को संकट के समाधान का रास्ता बताते हुए भारत की रचनात्मक भूमिका का स्वागत किया था। अब पेजेशकियन का संभावित दौरा भारत-ईरान संबंधों और BRICS मंच पर दोनों देशों के सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें… आजम खान को गृह मंत्री बनाने के शिवपाल के बयान पर सीएम योगी का पलटवार