Home » Breaking News » ‘हम बंटे थे, इसलिए कटे थे…’ अयोध्या में योगी का बड़ा बयान, संभल हिंसा पर बोले- हिंदू ही निशाना था

‘हम बंटे थे, इसलिए कटे थे…’ अयोध्या में योगी का बड़ा बयान, संभल हिंसा पर बोले- हिंदू ही निशाना था

YOGI IN AYODHYA NEWS: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या में सनातन समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए विपक्ष और विरोधी ताकतों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 1947 में देश के विभाजन के दौरान समाज बंटा हुआ था, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। उन्होंने संभल हिंसा का जिक्र करते हुए दावा किया कि वहां हिंसा के दौरान हिंदू और पुलिस निशाने पर थे।

‘भाषा और जाति के नाम पर बंटे थे’

सीएम योगी ने कहा कि 1947 में सनातन समाज के पास शक्ति, बुद्धि और वैभव सब कुछ था, लेकिन समाज भाषा और जाति के नाम पर बंटा हुआ था। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी से सबक लेते हुए आज समाज को एकजुट रहने की जरूरत है।

YOGI IN AYODHYA NEWS: संभल हिंसा का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने संभल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हरिहर मंदिर से जुड़े विवाद के बीच अदालत के आदेश पर सर्वे शुरू हुआ तो हिंसा हुई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान पुलिस और हिंदू निशाने पर थे। योगी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में आई और अब संभल में तीर्थ कुंड दिखाई दे रहे हैं।

अयोध्या और संभल के विकास का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले अयोध्या में बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब थी, लेकिन अब शहर में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के साथ संभल का भी विकास हो रहा है और दोनों स्थानों का वैभव वापस लाने का प्रयास जारी है।

YOGI IN AYODHYA NEWS: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर बोले योगी

राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी के मामले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला सामने आने के बाद तीर्थ क्षेत्र के आग्रह पर एसआईटी गठित की गई और जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार और ट्रस्ट प्रतिबद्ध हैं।

‘रामभक्तों पर गोली चलाने वाले आज राम-राम जप रहे’

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर आंदोलन का विरोध करते थे और रामभक्तों पर गोली चलाने से भी पीछे नहीं हटे, वे आज खुद को रामभक्त बताने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है।

YOGI IN AYODHYA NEWS: विभाजन को लेकर कांग्रेस पर निशाना

योगी ने 1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय केवल हिंदू और सिख ही प्रभावित नहीं हुए, बल्कि भारत भी विभाजित हुआ। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी से सबक लेकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना जरूरी है।

‘मोदी या पटेल जैसा नेतृत्व होता तो…’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आजादी के समय नरेंद्र मोदी या सरदार वल्लभभाई पटेल जैसा नेतृत्व होता तो विभाजन के दौरान हुए नरसंहार की स्थिति अलग होती। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह आज भी देश को भाषा और जाति के आधार पर बांटने की राजनीति कर रहा है। योगी ने लोगों से ऐसी ताकतों से सतर्क रहने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े… IRCTC केस में फिर टला फैसला! लालू परिवार पर आरोप तय होंगे या नहीं, अब 27 अगस्त को सुनवाई