Home » राष्ट्रीय » उन्नति से शिक्षकों को मजबूत करेगी योगी सरकार, ऑनलाइन निगरानी से प्रशिक्षण की गुणवत्ता होगी बेहतर

उन्नति से शिक्षकों को मजबूत करेगी योगी सरकार, ऑनलाइन निगरानी से प्रशिक्षण की गुणवत्ता होगी बेहतर

FLN Education: ‘उन्नति’ से शिक्षकों की ट्रेनिंग होगी मजबूत

FLN Education: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षक प्रशिक्षण व्यवस्था को तकनीक से जोड़ रही है। इसी दिशा में ‘उन्नति’ के जरिए शिक्षकों के प्रशिक्षण की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रशिक्षण में दी जाने वाली शैक्षणिक समझ और प्रभावी शिक्षण पद्धतियां केवल प्रशिक्षण कक्ष तक सीमित न रहें, बल्कि उनका असर सीधे कक्षा और बच्चों की सीख पर दिखाई दे। ‘उन्नति’ यानी यूनिफाइड नेटवर्क फॉर नर्चरिंग एकेडमिक ट्रेनिंग एंड इनोवेशंस को शिक्षक प्रशिक्षण की ऑनलाइन पर्यवेक्षण व्यवस्था के रूप में विकसित किया गया है। इसके जरिए प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने और कैस्केड लॉस को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

एफएलएन और एनसीईआरटी आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण

प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षामित्रों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। इसमें बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता यानी एफएलएन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी इस्तेमाल के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों के सीखने के स्तर और कक्षा की जरूरत के अनुसार पाठ्यपुस्तक की सामग्री को गतिविधियों और प्रभावी शिक्षण प्रक्रियाओं से जोड़ने की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य भाषा और गणित की बुनियादी समझ मजबूत करने के साथ शिक्षकों की अकादमिक और शिक्षण क्षमता को बेहतर बनाना है।

FLN Education: हर प्रशिक्षण बैच की ऑनलाइन होगी निगरानी

प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राज्य परियोजना कार्यालय के अधिकारी, विशेषज्ञ और कंसल्टेंट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रशिक्षण सत्रों का ऑनलाइन पर्यवेक्षण करेंगे। इसके लिए प्रत्येक प्रशिक्षण हॉल में हाई-रिजॉल्यूशन वेब कैमरा, माइक्रोफोन या साउंड सिस्टम और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। हर प्रशिक्षण बैच के लिए अलग ऑनलाइन लिंक होगा। यह लिंक संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा तैयार किया जाएगा और प्रशिक्षण शुरू होने से दो दिन पहले उपलब्ध कराया जाएगा। इससे अधिकारियों को प्रशिक्षण गतिविधियों की निगरानी करने और जरूरत के अनुसार सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी।

बच्चों की सीख तक पहुंचेगा प्रशिक्षण का असर

‘उन्नति’ व्यवस्था का उद्देश्य प्रशिक्षण को केवल एक तय कार्यक्रम न बनाकर उसकी गुणवत्ता और प्रभाव की निरंतर निगरानी करना है। ऑनलाइन पर्यवेक्षण से प्रशिक्षण के दौरान सामने आने वाली जरूरतों और कमियों की पहचान भी की जा सकेगी। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बेसिक शिक्षा संदीप सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य शिक्षक प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाकर उसका सीधा लाभ बच्चों की सीख तक पहुंचाना है। ‘उन्नति’ के जरिए ऑनलाइन निगरानी मजबूत होने से प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ शिक्षकों की क्षमता भी बेहतर होगी। सरकार का फोकस शिक्षक की तैयारी, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और बच्चों के सीखने के परिणाम—तीनों को एक साथ मजबूत करने पर है।

ये भी पढ़ें …16 अगस्त से खुलेगा अमृत उद्यान, फ्री एंट्री के लिए ऑनलाइन बुकिंग जरूरी; जानें टाइमिंग और सुविधाएं