Harish Dwivedi Profile: भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के बस्ती से दो बार लोकसभा सांसद रहे हरीश चंद्र उर्फ हरीश द्विवेदी को पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। वर्तमान में असम भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हरीश द्विवेदी का संगठन में लगातार बढ़ता कद अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सियासी सफर
हरीश द्विवेदी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की। वर्ष 1991 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़कर उन्होंने संगठनात्मक कार्य शुरू किया। इसके बाद उन्होंने बस्ती में संगठन के विभिन्न दायित्व संभाले और धीरे-धीरे भाजपा की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई। वर्ष 1993 से 1995 तक वह बस्ती के जिला प्रमुख रहे। इसके बाद 1994 से 1996 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सह मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। संगठन में सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के चलते उन्हें आगे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रहीं।
Harish Dwivedi Profile: भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे
हरीश द्विवेदी वर्ष 2006 से 2010 तक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। इसके बाद वर्ष 2010 से 2013 तक भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2012 में उन्होंने बस्ती सदर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद संगठन में उनकी सक्रियता जारी रही।

2014 में पहली बार पहुंचे लोकसभा
हरीश द्विवेदी के राजनीतिक सफर में बड़ा मोड़ वर्ष 2014 में आया, जब भाजपा ने उन्हें बस्ती लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा। उन्होंने जीत दर्ज कर पहली बार संसद में प्रवेश किया। इसके बाद वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने बस्ती से जीत हासिल की और लगातार दूसरी बार सांसद बने। दो बार सांसद रहने के दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
Harish Dwivedi Profile: राष्ट्रीय सचिव से असम प्रभारी तक
सांसदी के बाद पार्टी ने हरीश द्विवेदी को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय सचिव बनाया। संगठन के स्तर पर उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें बाद में असम भाजपा का प्रभारी बनाया गया। असम जैसे महत्वपूर्ण राज्य में संगठन की जिम्मेदारी संभालने के बाद पार्टी नेतृत्व ने उन पर लगातार भरोसा जताया। हाल ही में उन्हें राजस्थान में होने वाले निकाय चुनावों के लिए भी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अब राष्ट्रीय महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी
अब भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। यह पार्टी संगठन में एक महत्वपूर्ण पद है। राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर उन्हें संगठन के विस्तार, राज्यों में पार्टी की गतिविधियों और चुनावी रणनीति को जमीन पर लागू करने में अहम भूमिका निभानी होगी।
हरीश द्विवेदी की नई जिम्मेदारी को पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक-संगठनात्मक पकड़ के साथ-साथ असम में उनके अनुभव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। छात्र राजनीति से शुरू हुआ उनका सफर दो बार सांसद, राष्ट्रीय सचिव और असम प्रभारी से होते हुए अब भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तक पहुंच गया है।
ये भी पढ़े… मध्य प्रदेश: ग्वालियर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत, 25 घायल








