Gwalior Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। भिंड जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-719 पर छीमक गांव के पास आधी रात ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की टक्कर हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 मजदूर घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि हाईवे पर बैठी गायों को बचाने की कोशिश के दौरान यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद सभी मृतकों और घायलों को गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद अपने घर लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
धान की रोपाई के बाद लौट रहे थे मजदूर
पुलिस अधिकारी राम महेश यादव के अनुसार, सभी मजदूर धान की रोपाई के लिए डबरा क्षेत्र के चनोर इलाके में आए थे। काम पूरा होने के बाद वे एक लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने घर वापस जा रहे थे।इसी दौरान नेशनल हाईवे-719 पर सामने से आ रहे ट्रक ने मजदूरों से भरे वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में घायल एक मजदूर ने बताया कि वे सभी अपने गांव की तरफ जा रहे थे। तभी अचानक सामने से ट्रक आया और उनकी गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन पलट गया।घायल मजदूर के मुताबिक, हादसे में उसके कई साथी घायल हो गए, जबकि कुछ मजदूरों की जान चली गई।

मौके पर मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी मदद के लिए पहुंच गए। सभी ने मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया।घायलों को एंबुलेंस की मदद से गोहद अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में कई घायल स्ट्रेचर पर इलाज के लिए लाए गए। कुछ लोगों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
कई घायलों की हालत गंभीर
डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में घायल कुछ मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि कुछ घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में करीब 25 लोग घायल हुए हैं।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के पीछे अन्य कोई कारण था या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- क्या कद्दू के बीज खाने से वजन घटता है? एक्सपर्ट से जानें सही तरीका








