Home » राष्ट्रीय » बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, घर से अलग-अलग जगह मिले शव

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, घर से अलग-अलग जगह मिले शव

Bangladesh News

Bangladesh News: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में सेवानिवृत्त शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। चारों के शव शनिवार देर रात उनके बंद घर से बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की वजह और घटना के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो सका है।

घर में मिले परिवार के चारों सदस्यों के शव

मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक गणपति पिछले साल 31 दिसंबर को शिक्षक पद से रिटायर हुए थे। इसके बाद वह होम्योपैथिक चिकित्सक के तौर पर भी काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, चारों शव दासपारा इलाके में स्थित उनके घर से बरामद किए गए। मां और बेटी के शव सीढ़ियों के पास मिले, जबकि गणपति का शव छत पर और उनके बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला।

Bangladesh News: गुरुवार रात से बंद थे मोबाइल फोन

परिजनों के मुताबिक परिवार से आखिरी बार गुरुवार को संपर्क हुआ था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल फोन बंद हो गए। शनिवार रात तक संपर्क नहीं होने पर रिश्तेदार घर पहुंचे। मुख्य दरवाजा बंद था और घर की लाइटें भी बंद थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया, जहां परिवार के चारों सदस्यों के शव मिले। मृतकों के रिश्तेदारों ने बताया कि परिवार का किसी से विवाद या दुश्मनी होने की जानकारी उन्हें नहीं थी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही जांच

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार के सदस्यों की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद मौत की वजह के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें…CJP का बड़ा ऐलान: सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप, 24 अगस्त को तय होगी अगली रणनीति