Home » मध्य प्रदेश » भोजशाला में जुमे की नमाज की व्यवस्था पर हिंदू समाज नाराज, धार में आधे दिन बंद के बाद कलेक्ट्रेट तक निकली रैली

भोजशाला में जुमे की नमाज की व्यवस्था पर हिंदू समाज नाराज, धार में आधे दिन बंद के बाद कलेक्ट्रेट तक निकली रैली

धार में भोजशाला मामले पर विरोध प्रदर्शन

Bhojshala Case: भोजशाला मामले को लेकर हिंदू समाज के आह्वान पर मंगलवार को धार जिले में आधे दिन का बंद रखा गया। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों और व्यापारिक इलाकों में ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। सामान्य दिनों के मुकाबले बाजारों में कम आवाजाही और सन्नाटा देखने को मिला। बंद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी।हिंदू समाज का कहना है कि भोजशाला मामले में हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद प्रशासन की ओर से अपेक्षित तरीके से उसका पालन नहीं कराया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर जिला बंद का आह्वान किया गया था। हिंदू संगठनों ने व्यापारियों और आम लोगों से बंद में सहयोग करने की अपील की थी।

लालबाग से कलेक्ट्रेट तक निकली रैली

दोपहर 12 बजे के बाद हिंदू समाज से जुड़े लोग विरोध प्रदर्शन करते हुए लालबाग से रैली लेकर कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। रैली के कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाना है।प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के बाहर भारी बैरिकेडिंग की है। सुरक्षा कारणों से प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।प्रशासन ने बैरिकेडिंग के बाहर ही ज्ञापन लेने की व्यवस्था की है। हिंदू समाज के प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर प्रशासनिक अधिकारियों को अपना ज्ञापन सौंपेंगे। रैली को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

Bhojshala Case: धार में भोजशाला मामले पर विरोध प्रदर्शन
धार में भोजशाला मामले पर विरोध प्रदर्शन
बाजारों में व्यापारियों से की अपील

बंद के दौरान हिंदू संगठनों से जुड़े लोग शहर के अलग-अलग बाजारों में पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का अनुरोध किया। कुछ जगहों पर दुकानें खुली मिलीं तो वहां भी व्यापारियों से बंद में सहयोग करने की अपील की गई।बंद का असर शहर के बाजारों में साफ दिखाई दिया। हालांकि स्कूल-कॉलेज, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य जरूरी सेवाओं से संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद से अलग रखा गया। आवश्यक सेवाएं जारी रहने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात

बंद को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिसकर्मी लगातार इलाकों में निगरानी करते रहे। प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी गई, ताकि बंद और रैली के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

जुमे की नमाज को लेकर आपत्ति

दरअसल, हिंदू समाज भोजशाला के पास हर शुक्रवार होने वाली जुमे की नमाज की व्यवस्था को समाप्त करने की मांग कर रहा है। समाज का कहना है कि शुक्रवार को नमाज के लिए की गई व्यवस्था को लेकर उसकी आपत्ति है। इसी मुद्दे को लेकर हिंदू संगठनों ने धार जिले में बंद का फैसला लिया।बता दें कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के तहत प्रशासन ने भोजशाला के पीछे स्थित खसरा नंबर 612 की जमीन पर शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों के लिए नमाज की व्यवस्था की है। इसी व्यवस्था को लेकर हिंदू समाज की ओर से विरोध जताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पटना में छात्रों पर वाटर कैनन, CRPF से भिड़ंत; TRE-4 में बदलाव की मांग पर सड़क पर उतरे अभ्यर्थी