Home » राजनीति » ‘मौजूदा प्रश्नावली तुरंत वापस लें, तरीका ठीक नहीं’, जाति जनगणना पर खरगे-राहुल की पीएम मोदी को चिट्ठी

‘मौजूदा प्रश्नावली तुरंत वापस लें, तरीका ठीक नहीं’, जाति जनगणना पर खरगे-राहुल की पीएम मोदी को चिट्ठी

Caste Census:

Caste Census: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार, 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में दोनों नेताओं ने सरकार से जनगणना में जाति की जानकारी जुटाने का तरीका बदलने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि जनगणना में अपनाए जा रहे मौजूदा तरीके से गलत डेटा सामने आ सकता है। पार्टी नेताओं ने मौजूदा प्रश्नावली को गुमराह करने वाला बताते हुए उसे तुरंत वापस लेने की मांग की है।

Caste Census: खरगे-राहुल ने पीएम मोदी से क्या अपील की-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में खरगे और राहुल गांधी ने कहा कि सामाजिक न्याय की नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए जाति से जुड़ा सही और स्पष्ट डेटा जरूरी है। उनके मुताबिक, सही आंकड़ों के बिना भारत में सामाजिक न्याय की नीतियों को ठीक तरीके से लागू करना मुश्किल होगा। दोनों नेताओं ने जाति की जानकारी दर्ज करने के लिए ‘ओपन-एंडेड सवाल’ के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है। इस व्यवस्था में व्यक्ति अपनी जाति का नाम खुद बताता है, जिसे फॉर्म में दर्ज किया जाता है।

Caste Census: ‘एक जाति के कई नाम हो सकते हैं’-

खरगे और राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि भारत के अलग-अलग हिस्सों में एक ही जाति को अलग-अलग नामों, उप-जातियों या स्थानीय नामों से जाना जा सकता है। ऐसे में इन नामों को अलग-अलग दर्ज करने से एक ही जाति कई अलग-अलग श्रेणियों में बंट सकती है।कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे जाति जनगणना के आंकड़ों को व्यवस्थित करने और उनका सही तरीके से इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।

गलत डेटा से वंचित समुदायों पर असर की चिंता-

खरगे और राहुल ने कहा कि अगर किसी समुदाय की वास्तविक संख्या सही तरीके से दर्ज नहीं होती है, तो उसकी सामाजिक स्थिति का आकलन भी गलत हो सकता है। उन्होंने चिंता जताई कि गलत आंकड़ों का असर पिछड़े, अति पिछड़े और अन्य वंचित समुदायों से जुड़ी नीतियों पर पड़ सकता है।

 OBC आबादी के आंकड़ों पर भी उठाया सवाल-

कांग्रेस के दोनों नेताओं ने देश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की आबादी के आकार को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मौजूदा जनगणना प्रक्रिया में ‘पिछड़ा वर्ग’ शब्द को शामिल नहीं किया गया है। खरगे और राहुल गांधी के मुताबिक, ऐसे में देश में OBC आबादी का वास्तविक आकार स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ पाएगा।

 प्रश्नावली वापस लेने की मांग-

कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता ने केंद्र सरकार से मौजूदा प्रश्नावली को वापस लेने और जाति की जानकारी जुटाने के तरीके में बदलाव करने की अपील की है। उनका कहना है कि जाति जनगणना से प्राप्त आंकड़े सटीक और उपयोगी होने चाहिए, ताकि सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके

यह भी पढ़ें- क्या भारत में पहली बार बनी थी चीनी? फारस और अरब तक ऐसे पहुंची, जानिए पूरी कहा