Breaking News
Home » पंजाब » नेहा बस्सी मौत केस की परतें खुलीं, कथित प्रेमिका के पति का दावा- 206 पेज की चैट में सामने आई पूरी कहानी

नेहा बस्सी मौत केस की परतें खुलीं, कथित प्रेमिका के पति का दावा- 206 पेज की चैट में सामने आई पूरी कहानी

नेहा बस्सी केस में नए खुलासे

Neha Bassi Case: जालंधर के करतारपुर की लेक्चरर नेहा बस्सी की मौत के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में आरोपी पति उमंग बस्सी की कथित प्रेमिका सतपाल कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, जांच अधिकारी बोधराज को भी सस्पेंड कर दिया गया है। अब सतपाल कौर के पति विशाल शर्मा सामने आए हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और उमंग बस्सी के रिश्ते को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं।

11 साल पहले हुई थी लव मैरिज

हैदराबाद में साइबर सिक्योरिटी कंसल्टेंट के तौर पर काम करने वाले विशाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने करीब 11 साल पहले सतपाल कौर से लव मैरिज की थी। दोनों की 9 साल की बेटी है। विशाल के मुताबिक, उन्होंने जालंधर में करीब 1 करोड़ रुपये की कीमत का मकान बनवाया था और उसकी रजिस्ट्री भी अपनी पत्नी के नाम कराई थी।विशाल ने बताया कि करीब 6 महीने पहले उन्हें पता चला कि सतपाल कौर का उमंग बस्सी के साथ पिछले करीब 3 साल से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था। विशाल के अनुसार, उमंग बस्सी उसका स्कूल फ्रेंड था।

Neha Bassi Case: 206 पेज की चैट मिलने का दावा

विशाल के मुताबिक, जब उन्होंने पत्नी का मोबाइल फोन चेक किया तो उन्हें 15 दिनों की 206 पेज की वॉट्सऐप चैट मिली। उनका दावा है कि इस बातचीत में उमंग बस्सी और सतपाल कौर अपने-अपने लाइफ पार्टनर यानी नेहा और विशाल को छोड़ने या फिर उन्हें रास्ते से हटाने की योजना पर बात कर रहे थे।विशाल ने यह भी दावा किया कि घर में उनकी पत्नी के कमरे से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली थी।

Neha Bassi Case: नेहा बस्सी केस में नए खुलासे
नेहा बस्सी केस में नए खुलासे
नेहा की मौत को लेकर लगाया आरोप

विशाल का कहना है कि वह नौकरी के कारण ज्यादातर समय हैदराबाद में रहते थे, इसलिए वह बच गए। उनका आरोप है कि उमंग बस्सी ने अपनी मां के साथ मिलकर अपनी पत्नी नेहा को टॉयलेट क्लीनर पिलाकर मार दिया।हालांकि, ये सभी आरोप विशाल शर्मा के दावे हैं और मामले की जांच में इनकी पुष्टि होना बाकी है।

पत्नी पर हमला करने का आरोप

विशाल ने हैदराबाद से फोन पर बताया कि 3 फरवरी 2026 को वह अचानक अपने घर पहुंचे थे। उस समय उनकी पत्नी घबरा गई। वह किसी से चैट कर रही थी। विशाल के अनुसार, जब उन्होंने उसका मोबाइल लेने और चैट देखने की कोशिश की तो पत्नी ने उन पर हमला कर दिया और फिर घर से भाग गई।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी के स्कूल मेयर वर्ल्ड के बाहर उमंग बस्सी ने उन पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला किया था। विशाल के मुताबिक, उन्होंने पुलिस में शिकायत भी दी, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।विशाल का कहना है कि एक एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर ने दो हंसते-खेलते परिवारों को बर्बाद कर दिया। अब वह कानून के जरिए न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।

ससुर ने भी बहू पर लगाए आरोप

सतपाल कौर के ससुर और पटियाला निवासी प्रद्युम्न कुमार भी इस मामले में सामने आए हैं। वह नेहा बस्सी के अंतिम संस्कार में शामिल होने धूरी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि परिवार काफी परेशान है।प्रद्युम्न कुमार के मुताबिक, उनका बेटा हैदराबाद में मेहनत करके पैसे कमाता रहा और घर भेजता रहा, जबकि पीछे से उनकी बहू गलत कामों में शामिल रही। उन्होंने बताया कि उनकी 9 साल की पोती है और सतपाल कौर की भी 6 साल की बेटी है।उनका कहना है कि इस पूरे मामले के कारण दो मासूम बच्चों का भविष्य प्रभावित हुआ है और तीन परिवार बर्बाद हो गए हैं। परिवार की मांग है कि बच्चों की कस्टडी सही लोगों को दी जाए। उनके मुताबिक, सतपाल कौर की बेटी की कस्टडी उसके परिवार को और उनके बेटे की कस्टडी उनके बेटे विशाल को मिलनी चाहिए।

‘हमें किसी बात का डर नहीं’

प्रद्युम्न कुमार ने कहा कि सतपाल कौर के पास काफी धन-संपत्ति है। उनके अनुसार, दोनों परिवारों के बीच 7 केस चल रहे हैं। वहीं, उमंग बस्सी ने उनके खिलाफ 36 झूठे केस दर्ज करवा रखे हैं।उन्होंने कहा कि उनके पास सभी जरूरी और पुख्ता सबूत मौजूद हैं, इसलिए उन्हें किसी बात का डर नहीं है। उनका दावा है कि उन्होंने किसी के साथ धोखा नहीं किया, बल्कि सतपाल कौर ने उनके परिवार के साथ बड़ा छल किया।

Neha Bassi Case: घर अपने नाम करवाने का आरोप

प्रद्युम्न कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने बहुत मेहनत और प्यार से अपना घर बनाया था, लेकिन सतपाल कौर ने चालाकी से उसे अपने नाम करवा लिया।उन्होंने दावा किया कि इसके बाद सतपाल कौर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर उमंग बस्सी को अंदर बुलाती थी और उसके जाने के बाद ही कैमरे दोबारा चालू करती थी। प्रद्युम्न कुमार के अनुसार, इस बारे में मोहल्ले के लोगों को भी जानकारी थी।

राजनीतिक संरक्षण का भी दावा

उमंग बस्सी को कथित राजनीतिक संरक्षण मिलने के सवाल पर प्रद्युम्न कुमार ने कहा कि इस बारे में अभी निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। उनका दावा है कि लोगों के बीच चर्चा है कि उमंग बस्सी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और आम आदमी पार्टी का कोई नेता उसके पीछे है।उन्होंने कहा कि वे पटियाला में रहते हैं, इसलिए इस बारे में उनके पास ज्यादा जानकारी नहीं है। परिवार ने प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय सीधे कानूनी रास्ता अपनाया है।प्रद्युम्न कुमार ने बताया कि उमंग बस्सी की ओर से उनके घर को हुए नुकसान को लेकर उन्होंने पटियाला में डैमेज का केस भी दर्ज करवाया है।

नेहा बस्सी केस में नए खुलासे
नेहा बस्सी केस में नए खुलासे
जांच अधिकारी बोधराज सस्पेंड

नेहा बस्सी की मौत के मामले में जांच अधिकारी बोधराज को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि 19 अगस्त को अस्पताल में भर्ती नेहा के मामले में उन्होंने 23 अगस्त तक कोई कार्रवाई नहीं की।23 अगस्त को नेहा की मौत के बाद मामला सामने आया। जज भी अस्पताल पहुंचकर नेहा का बयान लेकर चली गईं। इसके बाद करतारपुर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आनन-फानन में देर रात एक आरोपी महिला को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।

भाभी ने भी पुलिस पर लगाए आरोप

नेहा की भाभी दिव्या ने बताया कि उन्हें 20 अगस्त को ननद की हालत गंभीर होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह जालंधर पहुंचीं और सीधे करतारपुर थाने गईं।दिव्या के अनुसार, उन्होंने वहां शिकायत दी, लेकिन जांच अधिकारी बोधराज ने शिकायत रिसीव तक नहीं की। दूसरी ओर, नेहा ने मौत से पहले दिए गए अपने अंतिम बयान में भी जांच अधिकारी का नाम लिया था।नेहा ने कथित तौर पर बताया था कि उसने पति के खिलाफ कई बार करतारपुर थाने में शिकायत की थी। परिवार का आरोप है कि उमंग बस्सी के एक AAP विधायक का साथी होने के कारण पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की।

धूरी में हुआ नेहा का अंतिम संस्कार

23 अगस्त को जालंधर के फोर्टिस अस्पताल में महिला लेक्चरर नेहा बस्सी की मौत हो गई थी। मौत से पहले उन्होंने जज के सामने अपना अंतिम बयान दिया था।परिवार का दावा है कि नेहा ने अपने बयान में बताया था कि उसके पति उमंग बस्सी, सास और पति की कथित प्रेमिका सतपाल कौर ने उसे टॉयलेट क्लीनर पिलाया था।परिवार के मुताबिक, उमंग बस्सी ने पहले नेहा को पिस्टल से मारने की धमकी दी थी और बाद में उसे हार्पिक पिला दिया।नेहा का 25 अगस्त को धूरी में अंतिम संस्कार किया गया।

इंसाफ की मांग को लेकर कैंडल मार्च

नेहा की मौत के बाद परिवार में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर काफी गुस्सा है। परिवार और समर्थकों ने नेहा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धूरी में कैंडल मार्च निकाला।नेहा के भाई ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो परिवार सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा और चक्का जाम भी किया जाएगा।

यह भी पढ़े-  तेलंगाना में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर से टकराई प्राइवेट बस, 6 यात्रियों की मौत, 20 घायल; सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया दुख