Muskan Murder Case: दिल्ली में 21 साल की मॉडल और दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। 26 वर्षीय इमरान को गुरुवार रात पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर में घुसकर मुस्कान पर चाकू से हमला किया था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से मुठभेड़
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इमरान को पकड़ने के दौरान वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ की टीम के साथ उसकी मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। उसने कुल चार गोलियां चलाईं।जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। पुलिस की कार्रवाई में इमरान के पैर में तीन गोलियां लगीं। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घर में अकेली थी मुस्कान
पुलिस के मुताबिक, इमरान पहले जिम ट्रेनर के रूप में काम करता था। बुधवार शाम जब मुस्कान घर में अकेली थी, तब उसके परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी दौरान इमरान उसके घर पहुंचा।बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बहस बढ़ने के बाद इमरान ने मुस्कान पर चाकू से कई बार हमला कर दिया और मौके से भाग गया।गंभीर रूप से घायल मुस्कान को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चार गोलियां इमरान ने चलाईं, पुलिस ने सात
मोबाइल फोन लेकर फरार हुआ
वारदात के बाद इमरान मुस्कान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने जांच के दौरान सड़क किनारे से उसका फोन बरामद कर लिया। जांच में फोन की आखिरी लोकेशन दिल्ली के नांगल इलाके में मिली थी।हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे जिले में बैरिकेडिंग और चेकपॉइंट लगाए। आरोपी की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें अलग-अलग जगहों पर भेजी गईं। पुलिस के मुताबिक, इमरान लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
सीसीटीवी से मिला आरोपी का सुराग
गुरुवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से इमरान को राजौरी गार्डन में ट्रेस किया। पुलिस टीम ने जब उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने अपनी पिस्तौल से चार गोलियां चला दीं।इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, टीम ने सात गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन इमरान के पैर में लगीं। इसके बाद उसे घायल हालत में हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सीसीटीवी में घर में जाते दिखा था इमरान
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में इमरान बुधवार शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान की बिल्डिंग में दाखिल होता नजर आया था।इसी बीच घर में काम करने वाली महिला ने मुस्कान को दूसरी मंजिल पर घायल हालत में देखा। उसने तुरंत परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी।शाम 7:24 बजे तिलक नगर थाने में चाकू से हमला किए जाने की सूचना PCR कॉल के जरिए मिली। मुस्कान के भाई के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। उसके भाई ने भी इमरान पर शक जताया था।घटना के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 15 टीमें बनाई थीं।
दूसरे युवक से बात करने पर नाराज था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुस्कान दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में सेकेंड ईयर की छात्रा थी। वह पश्चिमी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहती थी।पुलिस के मुताबिक, इमरान मुस्कान को करीब डेढ़ साल से जानता था। पिछले लगभग दो महीनों से वह उससे नाराज चल रहा था।जांच में पुलिस को शक है कि मुस्कान के किसी दूसरे युवक से बातचीत करने की वजह से इमरान गुस्से में था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की आशंका जताई जा रही है।
20 अगस्त को होटल में भी मिले थे दोनों
जांच में यह भी सामने आया है कि इमरान और मुस्कान 20 अगस्त को एक होटल में मिले थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले दोनों के बीच आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ था।पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और हत्या की पूरी घटना किस तरह हुई।
ये भी पढ़ें…नेपाल में बाढ़ के बाद फिर खतरे की दस्तक, चीन की चेतावनी से बढ़ी चिंता; 469 लोगों की मौत








