Home » पश्चिम बंगाल » बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Bay of Bengal Low Pressure:

Bay of Bengal Low Pressure: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते अगले चार दिनों तक कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। ओडिशा में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

Bay of Bengal Low Pressure: ओडिशा में रेड अलर्ट, बाढ़ का खतरा-

बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से नया कम दबाव का क्षेत्र बना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इसके प्रभाव से अगले चार दिनों तक देश के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।ओडिशा के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। 29 और 30 अगस्त को राज्य में 204.4 मिमी से अधिक अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। बालासोर, भद्रक, क्योंझरगढ़, मयूरभंज, ढेंकनाल और सुंदरगढ़ के निचले इलाकों में अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा है।

Bay of Bengal Low Pressure: 4 सितंबर तक जारी रह सकती है बारिश-

ओडिशा में भारी बारिश का दौर 4 सितंबर तक जारी रहने का अनुमान है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, राज्य के तीन जिलों में बाढ़ से 67,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने से उत्तरी और तटीय ओडिशा में जलभराव और बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने इससे निपटने के लिए जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

झारखंड और बंगाल में भी भारी बारिश-

झारखंड और पश्चिम बंगाल में 30 और 31 अगस्त को बिजली चमकने के साथ बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर, पुरुलिया और झारग्राम के अलावा झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है। ओडिशा में 29 अगस्त से 1 सितंबर के दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार, यूपी और उत्तराखंड में भी बारिश-

बिहार के कई जिलों में 30 अगस्त से 4 सितंबर के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 अगस्त से 4 सितंबर तक भारी बारिश जारी रह सकती है। उत्तराखंड में 29 अगस्त और 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट-

पूर्वी मध्य प्रदेश में 29 अगस्त और 2-3 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 30 अगस्त से 1 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी-

दिल्ली-NCR में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है। 31 अगस्त तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, 1 सितंबर की शाम तक हल्की बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है

यह भी पढ़े- नेपाल बाढ़ के बाद हिमालय पर बढ़ी चिंता, 2000 के बाद दोगुनी हुई ग्लेशियर पिघलने की रफ्तार