Divya Mittal: उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद मीरजापुर में उनके कार्यकाल के दौरान लिए गए कई जनहितैषी फैसलों की चर्चा फिर तेज हो गई है। दिव्या मित्तल अपनी सख्त कार्यशैली के साथ आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देने के लिए जानी जाती थीं। उनके कार्यकाल का एक ऐसा ही भावुक किस्सा लहुरियादह गांव से जुड़ा है, जहां आजादी के करीब 76 साल बाद पाइपलाइन से पानी पहुंचा था। पानी मिलने के बाद 75 वर्षीय दुईजी देवी ने तत्कालीन DM के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया था।
76 साल बाद लहुरियादह गांव में पहुंचा पाइपलाइन का पानी
मीरजापुर जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर ड्रमंडगंज की पहाड़ी पर बसे लहुरियादह गांव में लंबे समय से पानी का संकट था। दिव्या मित्तल ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पाइपलाइन से पानी पहुंचाने की दिशा में पहल की। 29 अगस्त 2023 को गांव में नल से पानी पहुंचा तो ग्रामीणों के लिए यह ऐतिहासिक दिन बन गया। इस मौके पर 75 वर्षीय दुईजी देवी ने भावुक होकर दिव्या मित्तल के सिर पर हाथ रखा और कहा, “जुग-जुग जियो बिटिया, तुम्हारी मेहनत रंग लाई।” ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से अटके काम को दिव्या मित्तल ने अपनी पहल से पूरा कराया।
Divya Mittal: बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए चलवाईं गोल्फ कार्ट
मां विंध्यवासिनी धाम आने वाले बुजुर्ग और असहाय श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी दिव्या मित्तल ने तत्काल कदम उठाया था। गुजरात से आए करीब तीन दर्जन बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने पैदल चलने में परेशानी और सांस फूलने की समस्या बताई थी। इसके बाद उन्होंने कानपुर से चार गोल्फ कार्ट और एक बस मंगवाकर श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सेवा शुरू कराई।
तबादले पर लोगों ने फूल बरसाकर दी थी विदाई
दिव्या मित्तल की लोकप्रियता का अंदाजा उनके तबादले के समय देखने को मिला। मीरजापुर से बस्ती स्थानांतरण के दौरान लोगों ने उन्हें झूले पर बैठाकर फूलों की बारिश करते हुए विदाई दी थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर जनता की समस्याओं को समझा और कई मामलों में खुद पहल कर समाधान कराया।
Divya Mittal: लंदन की नौकरी छोड़ बनीं IAS अधिकारी
दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं। उन्होंने int दिल्ली से बीटेक और aim बेंगलुरु से MBA किया। इसके बाद लंदन में नौकरी मिली, लेकिन वह और उनके पति गगनदीप सिंह भारत लौट आए। दिव्या मित्तल ने 2012 में पहले प्रयास में IPS और 2013 में दूसरे प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IAS का सफर शुरू किया। 18 सितंबर 2022 को उन्हें मीरजापुर का DM बनाया गया था। इस्तीफे के बाद अब उनकी नई पारी को लेकर चर्चाएं हैं और शिक्षा, युवाओं के मार्गदर्शन व लेखन जैसे क्षेत्रों में काम करने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें…जयपुर के तालकटोरा तालाब में मिला 25 वर्षीय युवती का शव








