Air India emergency landing: सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला। उस पर ‘बम’ लिखा हुआ था। क्रू मेंबर ने तुरंत इसकी जानकारी पायलटों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलटों ने दिल्ली जाने के बजाय विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ने का फैसला किया।
Air India emergency landing: अहमदाबाद में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग-
विमान को अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। लैंडिंग के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल-2 में ले जाया गया। अहमदाबाद पुलिस के अनुसार, विमान में कुल 32 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
Air India emergency landing: विमान की हुई पूरी तलाशी-
अहमदाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी जांच की। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कीं। अहमदाबाद पुलिस के ‘जी’ डिवीजन के एसीपी वीएन यादव ने बताया कि टॉयलेट में मिले टिश्यू पर ‘बम’ लिखा था। धमकी भरे संदेश के बाद पायलटों ने विमान को अहमदाबाद ले जाने का निर्णय लिया।
धमकी किसने दी, जांच में जुटी पुलिस-
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि टिश्यू पेपर पर धमकी किसने लिखी और इसके पीछे क्या मकसद था। फिलहाल सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित अहमदाबाद एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 में रखा गया है।
देश में लगातार मिल रही बम धमकियां-
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब पिछले कुछ महीनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में स्कूलों, सरकारी दफ्तरों और अदालतों समेत कई स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें से कई धमकियां बाद में फर्जी साबित हुईं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेकर जांच करती हैं। फर्जी बम धमकियों से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (D4C) के तहत स्पेशल सेल बनाने का भी फैसला किया है।
यह भी पढ़े- कल का मौसम: दिल्ली, यूपी-बिहार समेत 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट








