Secunderabad Arms Theft: सिकंदराबाद कैंटोनमेंट स्थित मद्रास रेजिमेंट परिसर में हथियार चोरी होने का मामला सामने आया है। बदमाश हथियार रखने वाली बैरक का दरवाजा तोड़कर असॉल्ट राइफल, पिस्तौल, मैगजीन और गोला-बारूद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेना ने भी पूरे सिकंदराबाद छावनी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
Secunderabad Arms Theft: 5 राइफल और 7 पिस्तौल चोरी-
पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, शस्त्रागार से 5 असॉल्ट राइफलें, 7 पिस्तौल और 21 मैगजीन चोरी हुई हैं। इनमें 4 AK-सीरीज की राइफलें शामिल बताई जा रही हैं। इसके अलावा करीब 19,000 राउंड गोला-बारूद भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद गायब होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Secunderabad Arms Theft: पूरे कैंटोनमेंट में बढ़ाई गई सुरक्षा-
चोरी की घटना के बाद सेना ने सिकंदराबाद छावनी को हाई अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों के क्वार्टर में आने-जाने वालों की जांच कड़ी कर दी गई है। साथ ही सेना के जवानों के लिए सुरक्षा एस्कॉर्ट भी बढ़ाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों को सुरक्षित रखने वाली जगह तक संदिग्ध कैसे पहुंचे।
परिसर की जानकारी रखने वालों पर शक-
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोरी की वारदात में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने की आशंका है। शुरुआती जांच में यह भी माना जा रहा है कि आरोपियों को सैन्य परिसर और हथियार रखने वाली जगह की अच्छी जानकारी थी। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल-
घटना के बाद हथियार रखने वाली जगह के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सुरक्षा में कहां चूक हुई और इतनी बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद कैसे चोरी हो गया। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां चोरी हुए हथियारों और गोला-बारूद को बरामद करने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हैं।








